
दैनिक रुड़की (इकराम अली):
पिरान कलियर। दरगाह क्षेत्र से गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर कलियर पुलिस ने उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे। सभी ने पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए आभार जताया।
रविवार को पिरान कलियर कोतवाली परिसर में आयोजित कार्यक्रम में एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बरामद मोबाइल फोन उनके मालिकों को सौंपे। उन्होंने बताया कि दरगाह परिसर और आसपास के क्षेत्रों से गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन को सीईआईआर (CEIR) पोर्टल की मदद से ट्रेस कर बरामद किया गया। सत्यापन के बाद सभी मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को वापस कर दिए गए। एसपी देहात ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी का मोबाइल फोन गुम हो जाए या चोरी हो जाए तो वह बिना देर किए संबंधित थाना या कोतवाली में सूचना दें और सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
समय पर सूचना मिलने से मोबाइल बरामद होने की संभावना काफी बढ़ जाती है।मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने कलियर पुलिस का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका खोया फोन वापस मिल जाएगा, लेकिन पुलिस की सक्रियता से उनकी उम्मीद हकीकत में बदल गई।टीम में क्षेत्राधिकारी भगवानपुर सुमित पांडये,कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी, एसएसआई राजेश सिंह बिष्ट,हैड कॉन्स्टेबल जयप्रकाश,हैड कांस्टेबल सोनू चौधरी, तेजपाल सिंह,होमगार्ड ललित कुमार शामिल रहे।

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies