
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। संस्कार भारती महानगर रुड़की इकाई के तत्वावधान में नगर पालिका सभागार में नटराज पूजन एवं कला साधक सम्मान समारोह-2026 का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में साहित्य, संगीत, नृत्य, नाट्य, चित्रकला, रंगोली, मेहंदी, ब्यूटीशियन एवं स्वावलंबन सहित विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 32 कला साधकों को सम्मानित कर उनकी प्रतिभा का अभिनंदन किया गया।


समारोह की अध्यक्षता समाजसेवी हरिमोहन कपूर ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में महापौर अनीता अग्रवाल, फोनिक्स यूनिवर्सिटी रुड़की के अध्यक्ष चैरव जैन तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचार प्रमुख संजय उपस्थित रहे। उत्तराखंड के परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने कार्यक्रम के लिए अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं।


कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके बाद भगवान नटराज के स्वरूप और भारतीय संस्कृति में उनके महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। इस अवसर पर डॉ. राजकुमार उपाध्याय ने संस्कार भारती द्वारा कला एवं संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि कला समाज को जोड़ने और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों को सशक्त बनाने का प्रभावी माध्यम है।
समारोह में मंचासीन अतिथियों ने विभिन्न कला क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 32 कला साधकों को सम्मान पत्र, स्मृति चिह्न एवं शॉल भेंटकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में साहित्य, संगीत, नृत्य, नाट्यकला, चित्रकला, रंगोली, मेहंदी कला, ब्यूटीशियन, सिलाई कला एवं स्वावलंबन से जुड़े कलाकार शामिल रहे। अतिथियों ने सभी सम्मानित कलाकारों को शुभकामनाएं देते हुए उनके योगदान की सराहना की।

कार्यक्रम में राजकुमार उपाध्याय, मनीष श्रीवास्तव, भावना शर्मा, विनय सैनी, रामशंकर सिंह, अशोक शर्मा आर्य, नरेंद्र आहूजा, वीना सिंह, मनीषा सिंघल, सुशील रावत, साक्षी त्यागी, नीलम मधोक, श्रद्धा शर्मा, के.पी. सिंह, सुगंधा जैन सहित बड़ी संख्या में कला प्रेमी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

वक्ताओं ने कहा कि कला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को संस्कारित करने और भारतीय संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। ऐसे सम्मान समारोह कलाकारों का उत्साहवर्धन करने के साथ-साथ समाज में कला और संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना को भी मजबूत करते हैं। समारोह का समापन सभी अतिथियों एवं कलाकारों के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ हुआ।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies