News

7/23/2026 7:45:19 PM

दो माह बाद सकुशल मिली छह वर्षीय मासूम बच्ची-परिजनों की आंखों में खुशी-पुलिस की सतर्कता से मिला परिवार को सुकून-गश्त के दौरान पहचान कर बच्ची को किया बरामद..

दैनिक रुड़की (इकराम अली)::


पिरान कलियर। करीब दो माह से लापता छह वर्षीय मासूम बच्ची को पुलिस ने अपनी सतर्कता और सक्रियता के दम पर सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मासूम के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने पुलिस टीम का आभार जताया है।कलियर पुलिस की कोशिशों ने उनकी बेटी को फिर से उनकी गोद में पहुंचा दिया।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि 18 जून को उत्तर प्रदेश के हरदोई निवासी एक महिला ने अपनी छह वर्षीय पुत्री के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर अज्ञात में अपहरण मुकदमा दर्ज कर बच्ची की तलाश शुरू कर दी थी।लगातार विभिन्न स्थानों पर उसकी खोजबीन की जा रही थी।गुरुवार को दरगाह क्षेत्र में नियमित गश्त के दौरान पुलिस टीम की नजर एक बुजुर्ग महिला के साथ मौजूद एक छोटी बच्ची पर पड़ी। बच्ची को देखकर पुलिसकर्मियों को संदेह हुआ। इसके बाद उन्होंने बच्ची के फोटो और अन्य पहचान संबंधी विवरण का रिकॉर्ड से मिलान किया। जांच में पुष्टि हुई कि यही वह छह वर्षीय बच्ची है, जिसका मुकदमा करीब दो माह पहले दर्ज किया गया था।पुलिस ने तत्काल बच्ची को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया और सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसके परिजनों को सूचना दी। परिजन पिरान कलियर पहुंचे और सत्यापन के बाद बच्ची को उनके सुपुर्द कर दिया गया।बेटी को सकुशल सामने देखकर परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने कलियर पुलिस की तत्परता, संवेदनशीलता और सक्रिय कार्यशैली की सराहना करते हुए पूरी टीम का धन्यवाद किया। पुलिस की इस सतर्क गश्त और सजग पुलिसिंग के कारण एक मासूम अपने परिवार से दोबारा मिल सकी।टीम में एसआई विशाखा राठौर महिला कांस्टेबल मौसम शामिल रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies