
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। भारतीय किसान यूनियन (टोडा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन टोडा के नेतृत्व में इकबालपुर शुगर मिल में किसानों और कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में शुगर मिल के मौजूदा प्रबंधन की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए उसे तत्काल हटाने की मांग की गई। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि बुधवार तक प्रबंधन में बदलाव नहीं किया गया तो किसानों और कर्मचारियों के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा।

बैठक में निर्णय लिया गया कि बुधवार को भगवानपुर एसडीएम तथा इकबालपुर शुगर मिल के फैक्ट्री मैनेजर अनिल तंवर के साथ संगठन का प्रतिनिधिमंडल वार्ता करेगा। इस दौरान किसानों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों की समस्याओं के समाधान की मांग प्रमुखता से उठाई जाएगी।
इसके बाद भाकियू (टोडा) के पदाधिकारियों ने अधीक्षण अभियंता विवेक राजपूत से मुलाकात कर इकबालपुर शुगर मिल कर्मचारियों से जुड़े विद्युत संबंधी मुद्दों पर चर्चा की। संगठन ने मांग की कि आर्थिक रूप से कमजोर और परेशान कर्मचारियों को राहत प्रदान की जाए। बिजली कनेक्शनों के लिए तैयार किए गए एस्टीमेट में विशेष छूट देकर कर्मचारियों को शीघ्र विद्युत सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन टोडा ने कहा कि किसानों और कर्मचारियों की समस्याओं का समय रहते समाधान नहीं किया गया तो संगठन व्यापक आंदोलन के लिए बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और संबंधित विभागों की होगी।बैठक में प्रदेश अध्यक्ष नाजिम अली, सैयद अली, मनोज पाल, मुबारक अली, प्रदीप चौधरी, रवि कुमार सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies