दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर। दरगाह साबिर पाक के 758वें सालाना उर्स/मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर बुधवार को जिला कार्यालय सभागार में अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। जिसमे सभी विभागों को उर्स शुरू होने से सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि चांद दिखने पर मेहंदी डोरी की रस्म के साथ 13/14 अगस्त से उर्स/मेले का आगाज हो जायगा और उर्स/मेला 3/4 सितंबर तक चलेगा।उर्स/मेले कि मुख्य रस्मे 24-25 अगस्त से 28-29 अगस्त के बीच अदा की जायगी।अपर जिलाधिकारी ने कहा कि मेला क्षेत्र से अवैध अतिक्रमण हटाया जाए और श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ तय समय में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि देश-विदेश से आने वाले जायरीनों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।उन्होंने अस्थायी पुलिस चौकियां, जर्मन हैंगर, बैरिकेडिंग, अस्थायी दुकानें, बिजली, पेयजल, मोबाइल शौचालय, पार्किंग, साफ-सफाई, चिकित्सा, अग्निशमन और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षाभी की।इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि अधिकांश कार्यों की ई-निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और बाकी कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं।पुलिस विभाग ने सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, जल पुलिस और मोटरबोट की तैनाती की योजना प्रस्तुत की। रेलवे और परिवहन विभाग ने अतिरिक्त ट्रेनों, शटल बसों और पार्किंग व्यवस्था की जानकारी दी। कलियर नगर पंचायत, जल संस्थान, स्वास्थ्य और अग्निशमन विभाग ने भी अपनी तैयारियों से अवगत कराया।रुड़की के संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ ने सभी विभागों को समय पर व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए। कलियर विधायक फुरकान अहमद ने उर्स के सफल आयोजन के लिए सभी विभागों से समन्वय के साथ काम करने की अपील की। उन्होंने टूटी सड़कों की मरम्मत, चोक पड़े नालों की सफाई और कलियर को जोड़ने वाले सभी मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश पथ की व्यवस्था कराने की मांग भी उठाई।इस दौरान नगर मजिस्ट्रेट हरगिरि, जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल, आरटीओ (प्रवर्तन) कृष्ण चंद्र पलारिया, उप नगर आयुक्त अमरजीत कौर, रुड़की तहसीलदार एवं दरगाह प्रबंधक विकास अवस्थी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies