
दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर। कोतवाली क्षेत्र के हबीबपुर निवादा गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने पति, सास, ससुर और देवर के खिलाफ हत्या और दहेज उत्पीड़न समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज जांच शुरू कर दी है

नई मंडी कस्बा झबरेड़ा निवासी नीटूराम ने पुलिस को तहरीर देकर बताया की उसकी पुत्री नीलू सैनी (32) की शादी 2015 में हबीबपुर निवादा निवासी बसंत कुमार के साथ हुई थी। शादी में उन्होंने अपनी हैसियत अनुसार दान दहेज भी दिया था।लेकिन शादी के बाद से ही उसका पति बसंत कुमार, ससुर विनय कुमार, सास सुषमा और देवर अंकित कुमार दहेज को लेकर उसकी बेटी के साथ गाली-गलौज और मारपीट करते थे। 
बेटी के जन्म के बाद प्रताड़ना और बढ़ गई थी।पारिवारिक विवाद को लेकर पहले भी दोनों पक्षों के बीच 2016 और 2025 में लिखित समझौते हुआ था। लेकिन इसके बावजूद उत्पीड़न बंद नहीं हुआ।पीड़ित पिता ने बताया कि उनकी पुत्री ने कई बार उन्हें फोन कर जान का खतरा होने की बात बताई थी और 18 जुलाई की सुबह करीब साढ़े आठ बजे एक अज्ञात नंबर से फोन आया और उसने उन्हें बताया कि उनकी बेटी की तबीयत खराब है।
जिसके बाद वह परिवार के साथ अपनी बेटी के ससुराल पहुंचे ओर जहां नीलू मृत अवस्था में पड़ी मिली तथा उसके शरीर पर चोटों के निशान थे। मृतक महिला के पिता ने मारपीट कर जहर देकर बेटी की हत्या का आरोप लगाकर करवाई की मांग की है।कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि मृतक महिला के पिता की तहरीर पर पति, सास, ससुर और देवर के खिलाफ हत्या, दहेज उत्पीड़न समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies