
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना):::
रुड़की। बिजली चोरी के मुकदमे दर्ज किए जाने और अन्य विद्युत संबंधी समस्याओं को लेकर सुराज सेवा दल के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को अधिशासी अभियंता (शहर) कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने थाली बजाकर विरोध जताया और अधिशासी अभियंता के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपनी नाराजगी व्यक्त की।

प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि बिजली चोरी के नाम पर निर्दोष उपभोक्ताओं के खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। उनका कहना था कि जिन मामलों में कार्रवाई की गई, उनमें किसी प्रकार की वीडियोग्राफी तक नहीं कराई गई, जबकि नियमानुसार कार्रवाई का पूरा रिकॉर्ड होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि एक पीड़ित उपभोक्ता झूठा मुकदमा दर्ज होने के बाद कई बार विभागीय अधिकारियों के चक्कर काट चुका है और उच्च अधिकारियों से भी शिकायत कर चुका है, लेकिन अधिशासी अभियंता उसकी शिकायतों को लगातार नजरअंदाज कर रहे हैं।

सुराज सेवा दल के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि विभाग छोटे और गरीब उपभोक्ताओं को निशाना बनाकर उनका उत्पीड़न कर रहा है, जबकि बड़े उपभोक्ताओं को संरक्षण देकर बिजली चोरी कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि छापेमारी के नाम पर गरीब परिवारों को परेशान किया जा रहा है और विभाग की कार्यप्रणाली पूरी तरह पक्षपातपूर्ण है।
प्रदर्शन के दौरान स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया का भी विरोध किया गया। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर एक "सिंडिकेट" का हिस्सा है और इसे केवल आम जनता पर थोपा जा रहा है। उनका कहना था कि आज तक किसी मुख्यमंत्री, विधायक या बड़े अधिकारी के सरकारी आवास पर स्मार्ट मीटर लगाए जाने की जानकारी सामने नहीं आई, जबकि आम उपभोक्ताओं पर इसे जबरन लागू किया जा रहा है।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि झूठे मुकदमे वापस नहीं लिए गए और आम उपभोक्ताओं का उत्पीड़न बंद नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
धरने-प्रदर्शन में इंतजार प्रधान, साबिर राणा, रईस, राशिद, खलील सहित सुराज सेवा दल के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies