दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना):::
रुड़की। स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर कांग्रेस महानगर अध्यक्ष चौधरी राजेंद्र सिंह के बयान के बाद शहर की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा पार्षदों पर स्मार्ट मीटर लगवाने के नाम पर 50-50 हजार रुपये लेने का आरोप लगाए जाने से नाराज पार्षदों ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया। उन्होंने अधीक्षण अभियंता कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और विभाग से कांग्रेस महानगर अध्यक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग की।
दरअसल, बीते दिन कांग्रेस महानगर अध्यक्ष चौधरी राजेंद्र सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर निगम में यूजर चार्ज के विरोध में प्रदर्शन किया था। इस दौरान उन्होंने स्मार्ट मीटर का भी विरोध करते हुए आरोप लगाया था कि कुछ पार्षद बिजली विभाग से 50-50 हजार रुपये लेकर अपने-अपने क्षेत्रों में स्मार्ट मीटर लगवा रहे हैं।
इन आरोपों से आक्रोशित पार्षद मंगलवार को अधीक्षण अभियंता कार्यालय पहुंचे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस महानगर अध्यक्ष ने बिना किसी प्रमाण के झूठे और निराधार आरोप लगाए हैं, जिससे पार्षदों की प्रतिष्ठा और सम्मान को ठेस पहुंची है। पार्षदों ने मांग की कि कांग्रेस अध्यक्ष अपने बयान पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। अन्यथा उनके खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर करने के साथ ही सड़कों पर उतरकर आंदोलन किया जाएगा।
पार्षदों ने अधीक्षण अभियंता विवेक राजपूत को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि विभाग की छवि धूमिल करने और झूठे आरोप लगाने के मामले में कांग्रेस महानगर अध्यक्ष के खिलाफ विभागीय स्तर पर मुकदमा दर्ज कराया जाए।
ज्ञापन देने वालों में पार्षद नितिन त्यागी, जेपी शर्मा, नवनीत शर्मा, राकेश गर्ग, साहिल, आकाश जैन, संजीव तोमर, सूरज नेगी, सरदार सतवीर सिंह, मनोज कुमार, अनुराग त्यागी, अमित कुमार और संजय प्रजापति सहित अन्य पार्षद मौजूद रहे।
वहीं कांग्रेस महानगर अध्यक्ष चौधरी राजेंद्र सिंह ने अपने बयान पर कायम रहते हुए कहा कि पार्षद पहले जनता को यह बताएं कि बोर्ड बैठक से पहले रुपयों से भरे लिफाफे लेकर जनता के हितों को क्यों बेचने का काम किया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि यूजर चार्ज का विरोध पार्षदों ने क्यों नहीं किया और जनहित के मुद्दों पर उन्हें आवाज उठानी चाहिए थी, लेकिन वे चुप्पी साधे रहे। उन्होंने कहा कि जनता के हितों से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस आगे भी संघर्ष जारी रखेगी।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies