News

7/19/2026 8:06:43 PM

हरिद्वार में भारी बारिश का अलर्ट, 20 जुलाई को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद

दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::


हरिद्वार। भारत मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून द्वारा जिले में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए 20 जुलाई (सोमवार) को जनपद के सभी सरकारी, अशासकीय, सहायता प्राप्त एवं मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया है।


जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष मयूर दीक्षित द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि मौसम विभाग ने 20 जुलाई को हरिद्वार जनपद के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा तथा कहीं-कहीं अत्यधिक बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।


आदेश के अनुसार जनपद के सभी प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, माध्यमिक एवं अन्य मान्यता प्राप्त विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्र 20 जुलाई को बंद रहेंगे। संबंधित विभागों के अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।


जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई विद्यालय या संस्थान इस आदेश की अवहेलना करता है तो उसके विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।जिला प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों के आसपास जाने से परहेज करें तथा मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies