
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। भारतीय जनता पार्टी के व्यावसायिक प्रकोष्ठ ने उत्तराखंड के 19 संगठनात्मक जिलों के लिए जिला प्रकोष्ठ प्रभारियों की घोषणा कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के निर्देश और प्रदेश प्रकोष्ठ संयोजक कौस्तुभानंद जोशी की सहमति के बाद प्रदेश संयोजक सौरभ भूषण शर्मा ने नई जिम्मेदारियों की घोषणा करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।


घोषित सूची के अनुसार सौरभ भूषण शर्मा को देहरादून महानगर, चमोली और नैनीताल का प्रभारी बनाया गया है। लच्छू गुप्ता को रुड़की, टिहरी, चम्पावत और पिथौरागढ़ की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पवन सैनी हरिद्वार, ऋषिकेश, कोटद्वार, उत्तरकाशी और देहरादून ग्रामीण के प्रभारी होंगे। अतुल शाह को पौड़ी, बागेश्वर और रुद्रप्रयाग, जबकि प्रशांत वर्मा को रानीखेत, अल्मोड़ा, ऊधमसिंह नगर और काशीपुर का प्रभारी नियुक्त किया गया है।

प्रदेश संयोजक सौरभ भूषण शर्मा ने कहा कि व्यावसायिक प्रकोष्ठ की नई टीम पूरी ऊर्जा के साथ चुनावी मोड में काम करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के बल पर भाजपा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।

उन्होंने कहा कि मुद्रा योजना, पीएम स्वनिधि योजना, स्टार्टअप इंडिया और जीएसटी सरलीकरण जैसी व्यापारी हितैषी योजनाओं से व्यापारियों और उद्यमियों को नई मजबूती मिली है। वहीं राज्य सरकार की सिंगल विंडो क्लीयरेंस व्यवस्था, स्थानीय रोजगार प्रोत्साहन, होमस्टे और पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देने वाली नीतियों ने उत्तराखंड को निवेश और व्यापार के लिए बेहतर राज्य बनाया है।
सौरभ भूषण शर्मा ने कहा कि नवनियुक्त जिला प्रभारियों की जिम्मेदारी सरकार की उपलब्धियों और जनहितकारी योजनाओं को व्यापारी वर्ग और आम जनता तक पहुंचाने की होगी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन की रीति-नीति के अनुरूप कार्य करने और 2027 में भाजपा की पुनः प्रचंड बहुमत की सरकार बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया।
