News

7/18/2026 7:07:35 PM

महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी बर्दाश्त नहीं, कार्रवाई न हुई तो सड़क पर उतरेगा महिला मोर्चा: रोमा सैनी

दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::


रुड़की। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष रोमा सैनी ने महिलाओं के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी करने वाले व्यक्ति के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि जल्द गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई नहीं हुई तो भाजपा महिला मोर्चा सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगा।

नन्द विहार कॉलोनी स्थित अपने कैंप कार्यालय पर पत्रकारों से बातचीत में रोमा सैनी ने कहा कि महिलाओं के सम्मान से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि नारी शक्ति अधिनियम का लोकसभा और राज्यसभा में विरोध कर कांग्रेस ने पहले ही महिलाओं का अपमान किया था। उत्तराखंड में कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता के आगमन पर भाजपा महिला मोर्चा ने लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से विरोध दर्ज कराया था।

उन्होंने कहा कि इसके बाद कांग्रेस समर्थित एक व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर महिलाओं के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की, जिससे कांग्रेस की महिलाओं के प्रति सोच उजागर हुई है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि आरोपी के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। ऐसा नहीं होने पर महिला मोर्चा व्यापक आंदोलन करेगा।

अंकिता भंडारी हत्याकांड के मामले में भाजपा महिला मोर्चा की भूमिका पर पूछे गए सवाल के जवाब में रोमा सैनी ने कहा कि राज्य सरकार ने घटना के बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया था और वे आज भी जेल में हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष लगातार किसी कथित "वीआईपी" का नाम सामने आने की बात करता है। यदि किसी के पास उस कथित वीआईपी के संबंध में ठोस प्रमाण और पुख्ता जानकारी है तो भाजपा महिला मोर्चा सबसे पहले उसके खिलाफ भी सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगा।

उन्होंने कहा कि महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा के मुद्दे पर भाजपा महिला मोर्चा किसी भी प्रकार की राजनीति से ऊपर उठकर हर स्तर पर संघर्ष करने के लिए प्रतिबद्ध है।इस अवसर पर सावित्री मंगला, कविता कश्यप आदि मौजूद रही।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies