
दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
कलियर/धनौरी। हरिओम सरस्वती पीजी कॉलेज धनौरी में शनिवार को स्नातक प्रथम सेमेस्टर के नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के लिए दीक्षारंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में खानपुर विधायक उमेश कुमार ने कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के संस्थापक स्व. डॉ. तेजवीर सिंह सैनी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद अतिथियों का स्वागत कर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें बड़े लक्ष्य निर्धारित कर कठिन परिश्रम के साथ उन्हें हासिल करने का संदेश दिया।


इस दौरान विधायक उमेश कुमार ने कहा कि विद्यार्थी जीवन भविष्य की मजबूत नींव रखने का सबसे महत्वपूर्ण दौर होता है। इस समय किया गया परिश्रम और सही मार्गदर्शन जीवन की दिशा तय करता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें उचित अवसर और मार्गदर्शन देने की है। यदि युवा बड़े सपने देखने का साहस करें और उन्हें पूरा करने के लिए पूरी निष्ठा से मेहनत करें, तो वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।
उन्होंने महाविद्यालय के संस्थापक स्व. डॉ. तेजवीर सिंह सैनी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने शिक्षा का ऐसा मंदिर स्थापित किया, जिसने क्षेत्र के हजारों युवाओं के लिए उच्च शिक्षा के नए द्वार खोले और उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव रखी।महाविद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष डॉ. हर्ष सैनी ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि महाविद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि एक परिवार है।
यहां शिक्षक विद्यार्थियों के अभिभावक की भूमिका निभाते हैं और संस्था का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ उनके व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करना है।प्राचार्य डॉ. मुनेंद्र सिंह ने महाविद्यालय में संचालित शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों से अनुशासन, नियमित अध्ययन और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का आह्वान किया।कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रबंध समिति के सचिव डॉ. आदित्य सैनी ने की, जबकि संचालन डॉ. दीपमाला कौशिक ने किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ बड़ी संख्या में नवप्रवेशित छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies