
दैनिक रुड़की (रियाज कुरैशी)::
रुड़की। न्यू आदर्श नगर स्थित गोल्डन हाउसिंग रेजिडेंट्स वेलफेयर सोसायटी के पदाधिकारियों एवं स्थानीय निवासियों ने क्षेत्र में नाले पर किए गए कथित अतिक्रमण के कारण जल निकासी बाधित होने का आरोप लगाते हुए नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने अतिक्रमण हटाने और नाले की चौड़ाई व गहराई बढ़ाने की मांग की है।


सोसायटी की ओर से दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि आदर्श नगर के बीच से गुजरने वाला नाला क्षेत्र की जल निकासी का प्रमुख माध्यम है। आरोप है कि वार्ड नंबर-2 और वार्ड नंबर-3 के बीच नाले पर अवैध रूप से स्लैब डालकर अतिक्रमण कर लिया गया है, जिससे पानी की निकासी प्रभावित हो रही है।

ज्ञापन के अनुसार, बरसात के दौरान वार्ड नंबर-3 के कई हिस्सों में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो जाती है और पानी लोगों के घरों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पूर्व में भी नाले की चौड़ाई और गहराई कम होने से जल निकासी बाधित होती रही है, लेकिन अब स्लैब डाल दिए जाने से स्थिति और गंभीर हो गई है।

निवासियों ने नगर निगम से मांग की है कि नाले पर किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटाया जाए तथा नाले की चौड़ाई और गहराई बढ़ाकर जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाया जाए, ताकि बरसात के मौसम में क्षेत्रवासियों को जलभराव की समस्या का सामना न करना पड़े।

सोसायटी पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो क्षेत्रवासी आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। ज्ञापन देने वालों में चौधरी धीर सिंह,अश्वनी कुमार,अमित सैनी,संजय अग्रवाल,विनोद कुमार,प्रमोद सैनी,नितिन कुमार,ललित बिष्ट,आरती आदि मौजूद रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies