
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। लायंस क्लब रुड़की की ओर से शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए स्माल वर्ल्ड स्कूल की प्रधानाचार्य प्रीति शर्मा को 'भारत शिक्षा रत्न गोल्डन मेडल-2026' एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय कार्यों की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।

क्लब की अध्यक्ष प्रीति मैदीरत्ता ने बताया कि लायंस मंडल गवर्नर आदित्य गुप्ता के निर्देशन में पूरे मंडल में 150 शिक्षाविदों को सम्मानित करने का अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रुड़की में प्रधानाचार्य प्रीति शर्मा को इस प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया।

मुख्य अतिथि डॉ. पीके गुप्ता ने कहा कि शिक्षक और शिक्षाविद किसी भी राष्ट्र के भविष्य के वास्तविक निर्माता होते हैं। लायंस क्लब समाजहित में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित कर उन्हें प्रोत्साहित करने का कार्य निरंतर करता आ रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रीति शर्मा के नेतृत्व में विद्यालय नई उपलब्धियां हासिल करेगा और विद्यार्थियों में बेहतर संस्कार, ज्ञान एवं व्यक्तित्व विकास का निरंतर विस्तार होगा।
विशिष्ट अतिथियों ने कहा कि इस प्रकार के सम्मान शिक्षा जगत से जुड़े समर्पित शिक्षकों के कार्यों को समाज के सामने लाने के साथ-साथ अन्य शिक्षकों को भी नवाचार, गुणवत्ता और उत्कृष्टता की दिशा में कार्य करने के लिए प्रेरित करते हैं।सम्मान प्राप्त करने के बाद प्रधानाचार्य प्रीति शर्मा ने लायंस ओलंपियाड फाउंडेशन एवं लायंस क्लब का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा।
इस अवसर पर सचिव रितिका सरीन, नीलम अरोड़ा, यश नारंग, अरविंद कश्यप, अभिषेक सरीन, जे.डी. महंत, डॉ. पीके गुप्ता सहित क्लब के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies