
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की/हरिद्वार। मुख्यमंत्री के निर्देश पर चलाए जा रहे "ऑपरेशन कालनेमि" के तहत हरिद्वार पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए तंत्र-मंत्र और धार्मिक आस्था के नाम पर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देशन में थाना श्यामपुर पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी की रकम में से 4.55 लाख रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त लग्जरी एंडेवर कार, आईफोन और तंत्र-मंत्र में इस्तेमाल किया गया सामान बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई की रात डायल-112 पर सूचना मिली कि चंडी माता मंदिर के पास मन्नत ढाबे के निकट एक महिला और दो पुरुषों ने हरियाणा के सोनीपत निवासी विनोद कुमार से 4.60 लाख रुपये की ठगी कर फरार हो गए हैं। सूचना मिलते ही थाना श्यामपुर पुलिस ने क्षेत्र में नाकाबंदी कर जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अगले ही दिन माइनिंग चेक पोस्ट, चिड़ियापुर के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
जांच में सामने आया कि आरोपी "AGHORA" नाम से यूट्यूब चैनल संचालित करते थे। इस चैनल पर तंत्र-मंत्र, पूजा-पाठ और कथित चमत्कारों से जुड़े वीडियो अपलोड कर लोगों को अपने जाल में फंसाया जाता था। वीडियो से प्रभावित लोग अपनी पारिवारिक समस्याओं, भूत-प्रेत और ऊपरी बाधाओं के समाधान के लिए आरोपियों से संपर्क करते थे।

इसी क्रम में सोनीपत निवासी पीड़ित को चंडी देवी मंदिर के पास विशेष पूजा कराने के लिए बुलाया गया। आरोपियों ने पूजा का खर्च 4.60 लाख रुपये बताया और पीड़ित से नकदी से भरा बैग अपनी कार में रखवा लिया। इसके बाद लाल धागे से बंधा मिट्टी का मटका देकर मंत्र जाप करने के लिए कहा और पूजा सामग्री लाने का बहाना बनाकर मौके से फरार हो गए।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों का विश्वास जीतकर अंधविश्वास का फायदा उठाते थे और पूजा-पाठ व तंत्र-मंत्र के नाम पर लाखों रुपये तथा आभूषण ठगते थे। पुलिस को आशंका है कि गिरोह ने अन्य राज्यों में भी इसी तरह की कई वारदातों को अंजाम दिया है, जिसकी जांच की जा रही है।गिरफ्तार आरोपियों में बिजनौर निवासी मलकीत उर्फ राकेश शर्मा उर्फ मोहित, देहरादून निवासी मोन्टी जोशी तथा पौड़ी गढ़वाल निवासी एक युवती शामिल हैं।
इस कार्रवाई में थाना श्यामपुर के थानाध्यक्ष नितेश शर्मा के नेतृत्व में प्रभारी चौकी चण्डीघाट उपनिरीक्षक संतोष सेमवाल, अपर उपनिरीक्षक रविन्द्र गौड़, कांस्टेबल ओमवीर सिंह, राहुल देव, मनमोहन सैनी, चालक कांस्टेबल मोहन सिंह रावत, होमगार्ड नितिन चौहान तथा महिला पीआरडी राजकुमारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हरिद्वार पुलिस ने आमजन से अपील की है कि तंत्र-मंत्र, चमत्कार, भूत-प्रेत या ऊपरी बाधा के नाम पर धन की मांग करने वाले किसी भी व्यक्ति या सोशल मीडिया चैनल के झांसे में न आएं। यदि कोई इस प्रकार की ठगी का प्रयास करे तो तत्काल डायल-112 या नजदीकी पुलिस थाने को सूचना दें।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies