
दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर। कलियर कोतवाली क्षेत्र के बाजुहेड़ी गांव में गुरुवार देर रात पुरानी रंजिश के चलते प्रधान पति ने अपने सगे भाई को लाइसेंसी पिस्टल से गोली मार दी। गोली लगने से 50 वर्षीय राजेश सैनी गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार बाजुहेड़ी गांव निवासी प्रधान पति किशोर सैनी और उनके भाई के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। गुरुवार देर रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर किशोर सैनी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से राजेश पर गोली चला दी। गोली लगते ही राजेश गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।घटना की सूचना मिलते ही भगवानपुर क्षेत्राधिकारी सुमित पांडेय, कलियर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी और एसएसआई राजेश बिष्ट धनौरी चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। 
फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए।वारदात के बाद से आरोपी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि घायल का अस्पताल में उपचार चल रहा है। आरोपी की तलाश जारी है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies