
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना):::
रुड़की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार के सेवा, सुशासन और विकास के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित '5 वर्ष सेवा सप्ताह' के अंतर्गत रविवार को कैबिनेट मंत्री एवं रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा के नहर किनारे स्थित सेवा केंद्र (कैंप कार्यालय) पर विशाल नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सुबह से ही लोगों की भारी भीड़ उमड़ी और 300 से अधिक लोगों ने विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श, स्वास्थ्य जांच और उपचार संबंधी सेवाओं का लाभ उठाया।

शिविर का मुख्य आकर्षण देश के प्रसिद्ध गैस्ट्रो, पेट, आंत एवं लिवर रोग विशेषज्ञ डॉ. सचिन देव मुंजाल रहे। उन्होंने सैकड़ों मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। शिविर में फाइब्रो स्कैन (Fibro Scan), हेपेटाइटिस-बी एवं हेपेटाइटिस-सी की जांच सहित कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध कराई गईं। साथ ही विशेषज्ञ चिकित्सकों ने लोगों को लिवर, पेट और पाचन तंत्र से जुड़ी बीमारियों के प्रति जागरूक करते हुए समय पर जांच और उपचार का महत्व भी बताया।

डॉ. सचिन देव मुंजाल ने कहा कि आज की बदलती जीवनशैली, अनियमित खान-पान और बढ़ते तनाव के कारण पेट एवं लिवर संबंधी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। यदि शुरुआती लक्षणों पर ही ध्यान दिया जाए और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराई जाए तो कई गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर आमजन को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उनके शहर में ही उपलब्ध कराते हैं, जिससे लोगों का समय और आर्थिक बोझ दोनों कम होते हैं।


कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि जनसेवा ही सरकार का मूल मंत्र है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सेवा, सुशासन और विकास के संकल्प के साथ प्रत्येक नागरिक तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसी सोच के साथ सेवा सप्ताह के अंतर्गत स्वास्थ्य, जनकल्याण और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।


उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य ही सबसे बड़ी पूंजी है और प्रत्येक व्यक्ति को समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण अवश्य कराना चाहिए। ऐसे शिविर समाज के जरूरतमंद लोगों के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रहे हैं और भविष्य में भी इस प्रकार की जनहितकारी पहल लगातार जारी रहेगी।


कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह, डॉ. रोशिफ डॉ. फैज़ल व पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। पूरे शिविर के दौरान लोगों में उत्साह का माहौल रहा और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लेने के लिए लोगों की लंबी कतारें लगी रहीं।

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies