News

12-07-2026 18:00:33

हरिद्वार पुलिस की बड़ी कामयाबी: फर्जी करेंसी गिरोह का मास्टरमाइंड पंजाब से गिरफ्तार, प्रिंटर व एक लाख के नकली नोट बरामद

दैनिक रुड़की (रियाज कुरैशी)::


हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के नेतृत्व में फर्जी करेंसी गिरोह के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में हरिद्वार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पहले चार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने मामले की गहन पड़ताल करते हुए गिरोह के मुख्य सरगना और उसके एक साथी को पंजाब से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से एक लाख पांच हजार रुपये के नकली नोट, नकली नोट छापने में प्रयुक्त प्रिंटर तथा एक कार बरामद की गई है।


गौरतलब है कि छह जुलाई को सिटी कोतवाली हरिद्वार पुलिस ने सरजीत सिंह, टिंकू, सुमित कुमार और संजीव कुमार को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 84,500 रुपये के नकली नोट बरामद किए थे। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया था।


जेल भेजे गए आरोपियों टिंकू और सुमित को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में मिले महत्वपूर्ण सुरागों के आधार पर हरिद्वार पुलिस की टीम पंजाब पहुंची, जहां बापू दा ढाबा, मुद्दल बाईपास, पठानकोट हाईवे के पास से पवन कुमार को 5,000 रुपये के नकली नोटों के साथ गिरफ्तार किया गया। इसके बाद सुखबीर सिंह को एक लाख रुपये के नकली नोट, नकली नोट तैयार करने में इस्तेमाल होने वाला प्रिंटर और एक वरना कार सहित दबोच लिया गया।


पुलिस जांच में सामने आया कि पवन कुमार ढाबा संचालन की आड़ में नकली करेंसी का कारोबार करता था, जबकि सुखबीर सिंह कपड़ों के व्यवसाय की आड़ लेकर इस अवैध धंधे को चला रहा था। दोनों असली 50 हजार रुपये के बदले एक लाख रुपये के नकली नोट देकर भारी मुनाफा कमाते थे।


जांच में यह भी पता चला कि सुखबीर सिंह वर्ष 2020 में बैंक धोखाधड़ी और वर्ष 2024 में जाली करेंसी के मामले में पंजाब के बटाला क्षेत्र से जेल जा चुका है। वहीं पवन कुमार भी वर्ष 2022 में एनडीपीएस एक्ट के मामले में जेल गया था। जेल के दौरान दोनों की दोस्ती हुई और वहीं से नकली नोटों का कारोबार शुरू करने की साजिश रची गई।


पुलिस अब दोनों आरोपियों के अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की गई है। हरिद्वार पुलिस की इस कार्रवाई को फर्जी करेंसी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे अंतरराज्यीय गिरोह के नेटवर्क का खुलासा होने की उम्मीद है।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies