
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
भगवानपुर। भारतीय किसान यूनियन (रोड) की मासिक बैठक शनिवार को भगवानपुर तहसील परिसर में आयोजित हुई। बैठक में किसानों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा करते हुए संगठन ने सरकार और इकबालपुर शुगर मिल प्रबंधन को चेतावनी दी कि यदि किसानों का गन्ना भुगतान जल्द नहीं किया गया और उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो मुख्यमंत्री आवास और सचिवालय का घेराव किया जाएगा। इसके लिए गांव-गांव किसान पंचायतें आयोजित कर आंदोलन को मजबूत किया जा रहा है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष पदम सिंह रोड ने कहा कि, "आज किसान दोहरी मार झेल रहा है। एक तरफ गन्ने का भुगतान नहीं मिल रहा है तो दूसरी ओर बिजली के भारी-भरकम बिलों का बोझ किसानों पर डाला जा रहा है। हमने सरकार, बिजली विभाग के अधिकारियों, मंत्रियों और विधायकों को साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आने वाले समय में सरकार को इसकी भारी राजनीतिक कीमत चुकानी पड़ेगी।

प्रदेश अध्यक्ष संजीव कुशवाहा ने कहा कि, "सरकार चुनाव के समय जनता से बड़े-बड़े वादे करती है, लेकिन चुनाव जीतने के बाद जनता की सुध लेने तक नहीं आती। आज क्षेत्र की सड़कें बदहाल हैं, किसान परेशान हैं और कोई सुनवाई नहीं हो रही। अब इस निकम्मी सरकार को जड़ से उखाड़ फेंकने का समय आ गया है। यदि सरकार नहीं चेती तो हजारों ट्रैक्टरों के साथ किसान देहरादून पहुंचकर सचिवालय का घेराव करेंगे।"
प्रदेश महासचिव प्रदीप त्यागी ने कहा कि, "भारतीय किसान यूनियन (रोड) गांव-गांव जाकर इस आंदोलन को मजबूत करने का काम कर रही है। प्रत्येक जिले, तहसील और पंचायत स्तर पर बैठकें आयोजित की जा रही हैं। हमारा उद्देश्य किसानों और मजदूरों की आवाज को मजबूती से उठाना है। जब तक किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं होगा, संगठन का संघर्ष लगातार जारी रहेगा।"
बैठक के दौरान भगवानपुर के एसडीएम देवेंद्र सिंह एवं तहसीलदार दयाराम ने किसानों की विभिन्न समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का आश्वासन दिया। बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी दिनों में गांव-गांव किसान पंचायतें आयोजित कर किसानों को आंदोलन के लिए तैयार किया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर बड़े स्तर पर देहरादून कूच किया जाएगा।इस अवसर अनिल पुंडीर, प्रवीण कुशवाह,जावेद अली,रजत रोड,प्रवीन कुशवाह, साबिर मलिक,निर्मल सिंह,टीटू मलिक,देवीराम,वारिस अली,धूम सिंह,अनुज त्यागी,अली शेर,,नूर आलम, रणवीर,कारी शहजाद,वारिस, आल्लादिया,सादिक प्रधान,अनुज त्यागी,निर्मल सिंह,गोपाल पुंडीर आदि मौजूद रहे।

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies