
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। नगर में लगातार हो रही बारिश के कारण उत्पन्न जलभराव की गंभीर स्थिति को देखते हुए मेयर अनीता अग्रवाल ने नगर आयुक्त और नगर निगम के अधिकारियों के साथ विभिन्न जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रभावित इलाकों में जल निकासी व्यवस्था का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से भी बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी प्राप्त की।

मेयर अनीता अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में जलभराव की समस्या अधिक है, वहां तत्काल प्रभाव से पानी की निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने नालों और जल निकासी मार्गों की साफ-सफाई में तेजी लाने तथा जहां आवश्यक हो वहां अतिरिक्त पंप लगाकर पानी निकालने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए नगर निगम पूरी गंभीरता के साथ कार्य कर रहा है। जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए भी अधिकारियों को विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति की पुनरावृत्ति न हो।
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जाए और किसी भी शिकायत का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान नगर निगम के संबंधित अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies