
दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर।रुड़की-बाजूहेड़ी के बीच कांवड़ पटरी मार्ग पर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पिरान कलियर और सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची।और घायलों को एंबुलेंस से उपचार के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया, जबकि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाकर उनकी पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाजूहेड़ी-रुड़की के बीच कांवड़ पटरी मार्ग पर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों पर सवार दो युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।सूचना पर पिरान कलियर कोतवाली और सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। 
घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया, जबकि दुर्घटनाग्रस्त दोनों मोटरसाइकिलों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया।कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी ने बताया कि दुर्घटना में घायल तीन लोगों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। मृतकों के शवों को मोर्चरी में रखवाया गया है तथा उनकी पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। दुर्घटना के कारणों की भी जांच कर रही है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies