
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। रुड़की के समीप पनियाला चंदापुर गांव में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची विद्युत विभाग की टीम और ग्रामीणों के बीच विवाद हो गया। मामले ने उस समय तूल पकड़ लिया जब बिजली विभाग ने बकाया बिल का हवाला देते हुए एक उपभोक्ता का बिजली कनेक्शन काट दिया। इसके बाद ग्रामीण आजाद समाज पार्टी के नेता महक सिंह के नेतृत्व में कोतवाली पहुंचे और धरने पर बैठ गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, विद्युत विभाग की टीम गांव में स्मार्ट मीटर लगाने के अभियान के तहत पहुंची थी। इसी दौरान एक घर में स्मार्ट मीटर लगाने का विरोध किया गया। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि संबंधित उपभोक्ता पर करीब 11 हजार रुपये का बिजली बिल बकाया था, जिसके चलते नियमानुसार उसका बिजली कनेक्शन काट दिया गया।

वहीं, घर में मौजूद कविता नाम की युवती ने आरोप लगाया कि कार्रवाई के दौरान विभागीय अधिकारियों ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया। उसने इसकी सूचना अपने परिजनों को दी, जिसके बाद मौके पर ग्रामीण भी एकत्र हो गए।

दूसरी ओर, विद्युत विभाग के अधिकारियों का आरोप है कि युवती के परिजनों ने उनके साथ अभद्रता की और डंडों से हमला करने का प्रयास किया। हालांकि, आसपास मौजूद अन्य ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
घटना की जानकारी मिलने पर आजाद समाज पार्टी के नेता महक सिंह गांव पहुंचे और ग्रामीणों के साथ कोतवाली पहुंचे, जहां उन्होंने धरना शुरू कर दिया। इस दौरान उनकी बिजली विभाग के अधिकारियों से तीखी नोकझोंक भी हुई। महक सिंह ने मौके पर ही उपभोक्ता का 11 हजार रुपये का बकाया बिल जमा कराने की बात कहते हुए तत्काल बिजली कनेक्शन बहाल करने की मांग की।
विद्युत विभाग की ओर से एसडीओ पंकज गौतम ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि स्मार्ट मीटर लगाने के दौरान विभागीय टीम के साथ अभद्रता की गई और मारपीट का प्रयास किया गया। वहीं, युवती कविता ने भी विभागीय अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
एसडीओ पंकज गौतम ने बताया कि विभाग गांव में स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य कर रहा था। इसी दौरान कुछ लोगों ने टीम के साथ अभद्रता करते हुए मारपीट का प्रयास किया, जिसकी शिकायत पुलिस से की गई है। कोतवाली गंगनहर के प्रभारी मणिभूषण श्रीवास्तव का कहना है कि दोनों पक्षों से तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच कर तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies