
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। भारतीय जनता पार्टी सुभाष नगर मंडल की मासिक बैठक एवं प्रशिक्षण शिविर का आयोजन कलियर विधानसभा क्षेत्र के सुनहरा स्थित एक सभागार में किया गया। बैठक में संगठन की मजबूती, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने तथा विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए विधानसभा संयोजक मुनीश सैनी ने कहा कि 7 जुलाई से शुरू होने वाले नए मतदाताओं के पंजीकरण अभियान में प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय भूमिका आवश्यक है। उन्होंने कहा कि फर्जी वोटों पर लगाम लगाने के साथ-साथ एक जुलाई 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके सभी पात्र युवाओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराया जाए। इसके लिए कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करें।

उन्होंने कहा कि कलियर विधानसभा में भाजपा को लंबे समय से जीत नहीं मिली है, लेकिन अब परिस्थितियां बदल रही हैं और कार्यकर्ताओं के समर्पित प्रयासों से वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी निश्चित रूप से विजय प्राप्त करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
मंडल प्रभारी अभिषेक चंद्रा ने कहा कि एसआईआर अभियान अंतिम चरण में है। ऐसे में पार्टी द्वारा नियुक्त सभी बीएलओ अपने-अपने बूथों पर पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि सरकार की विकासपरक योजनाओं और पार्टी की नीतियों को प्रत्येक घर तक पहुंचाना हर कार्यकर्ता का दायित्व है। उन्होंने विश्वास जताया कि संगठन की एकजुटता और बूथ स्तर की मजबूती के बल पर 2027 में कलियर विधानसभा सीट पर भाजपा का परचम लहराया जाएगा।
बैठक का संचालन आकाश छाछर ने किया। इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व जिलाध्यक्ष प्रतिभा चौहान, गीता मलिक, मीनाक्षी तोमर, अनिल सैनी, मन्नू, डॉ. बृजपाल, संजय, आदित्य चौहान, सूरज नेगी,कदम सिंह, आरती बहुखंडी, आकाश दादर, सूरज नेगी, पंकज पाल, अभिनव सैनी, मोहित अग्रवाल, विजय रावत, सोहन राणा, रणवीर सिंह, प्रथम तोमर, शाहनवाज अली, मीनाक्षी तोमर, मन्नू सैनी, पुष्पा ऐठानी, प्रवेश धीमान, ममता मंतुल सहित सैकड़ों की संख्या में वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies