
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की।महज डेढ़ घंटे की मूसलाधार बारिश ने रामपुर चुंगी क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था की हकीकत उजागर कर दी। भारी वर्षा के चलते रामपुर चुंगी स्थित नेशनल हाईवे पर इतना पानी भर गया कि पूरा मार्ग तालाब में तब्दील हो गया। जलभराव के कारण रोडवेज बसें, छोटी कारें और अन्य वाहन बीच रास्ते में फंस गए, जिससे दोनों ओर लंबा जाम लग गया और लोगों का आवागमन बुरी तरह प्रभावित हुआ।

ईदगाह चौक से लेकर रामपुर चुंगी और सब्जी मंडी तक सड़क के दोनों ओर जलभराव का नजारा देखने को मिला। बारिश का पानी कई दुकानों में घुस गया, जिससे व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। वहीं, छोटे-छोटे बच्चे सड़क पर भरे गंदे पानी में नहाते नजर आए। स्थानीय लोगों का कहना है कि खुले बिजली के तारों और गहरे जलभराव के कारण किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।

इस पूरे मामले पर आजाद समाज पार्टी के नेता एवं रामपुर नगर पंचायत अध्यक्ष परवेज सुल्तान ने नगर निगम, नेशनल हाईवे अथॉरिटी (NHAI) और पीडब्ल्यूडी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि करीब 15 वर्ष पहले नाले के निर्माण के दौरान उसकी शटरिंग नाले के भीतर गिर गई थी, जिसे आज तक नहीं निकाला गया। इसी कारण नाला पूरी तरह अवरुद्ध है और हर बरसात में रामपुर चुंगी जलमग्न हो जाता है।

उन्होंने बताया कि इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए नगर निगम, नेशनल हाईवे अथॉरिटी, पीडब्ल्यूडी तथा अन्य संबंधित अधिकारियों को कई बार लिखित शिकायतें भेजी जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि नगर पंचायत ने अपने अधिकार क्षेत्र के नालों की सफाई समय रहते करवा दी थी, जबकि नगर निगम और हाईवे क्षेत्र के नाले चोक पड़े हैं, जिससे हर वर्ष लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

लगातार हो रहे जलभराव से स्थानीय लोगों में भारी रोष है। क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि संबंधित विभाग आपसी जिम्मेदारी तय कर जल निकासी की स्थायी व्यवस्था करें, ताकि हर बरसात में रामपुर चुंगी को डूबने से बचाया जा सके और लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies