
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। रोटरी क्लब ऑफ रुड़की सेंट्रल ने नए रोटरी वर्ष 2026-27 का शुभारंभ सेवा, समर्पण और सामाजिक सरोकारों के संकल्प के साथ किया। नए सत्र में क्लब की कमान अध्यक्ष रोटेरियन अनिल चड्ढा, सचिव सतीश गर्ग और कोषाध्यक्ष सुमित अग्रवाल ने संभाली। नए नेतृत्व ने समाजहित के कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

रोटरी वर्ष का शुभारंभ दुर्गा चौक स्थित दुर्गा माता मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। क्लब के सदस्यों ने मां दुर्गा से नए सत्र में सेवा कार्यों की सफलता और समाज के कल्याण की प्रार्थना की। इसके बाद राष्ट्रीय चार्टर्ड अकाउंटेंट्स दिवस और राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर नगर के प्रतिष्ठित चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एवं चिकित्सकों को सम्मानित किया गया। क्लब पदाधिकारियों ने कहा कि डॉक्टर और चार्टर्ड अकाउंटेंट अपने-अपने क्षेत्र में समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं तथा उनके समर्पण और सेवाओं का सम्मान करना गौरव की बात है।

इसके उपरांत क्लब की ओर से चंद्रपुरी स्थित कुष्ठ आश्रम में 'अन्नपूर्णा डे' के तहत जरूरतमंदों को भोजन वितरित किया गया। सदस्यों ने आश्रम में रह रहे लोगों के साथ समय बिताया और उनके सुखद एवं स्वस्थ जीवन की कामना की। क्लब ने भविष्य में भी जरूरतमंदों के लिए नियमित सेवा गतिविधियां चलाने का संकल्प दोहराया।
क्लब के संरक्षक विजय कुमार ने सभी सदस्यों को नए रोटरी वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रोटरी का मूल उद्देश्य निस्वार्थ सेवा है और प्रत्येक सदस्य को समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
रोटेरियन रजत अग्रवाल ने कहा कि रोटरी केवल एक संगठन नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का सशक्त माध्यम है। वहीं रोटेरियन डॉ. अचल मित्तल ने सभी सदस्यों से टीम भावना के साथ क्लब की गतिविधियों में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
क्लब अध्यक्ष रोटेरियन अनिल चड्ढा ने अपने संबोधन में कहा कि नए रोटरी वर्ष में सेवा, संवेदनशीलता, पारदर्शिता और टीमवर्क को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि क्लब शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण, स्वच्छता और जरूरतमंदों की सहायता से जुड़े सेवा प्रकल्पों को और अधिक व्यापक रूप से संचालित करेगा, ताकि समाज के अधिक से अधिक लोगों तक रोटरी की सेवाएं पहुंच सकें।
इस अवसर पर अंजू कुमार, वंदना मित्तल, गरिमा चड्ढा, कमलेश पवार, रोटेरियन आदर्श कपानिया, रोटेरियन दीपक शर्मा, रोटेरियन देवेश भीमसरिया, दीपक अग्रवाल, विपुल सेलीवाल और प्रदीप कुमार दोहरे सहित क्लब के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों ने नए रोटरी वर्ष में समाजहित के सेवा कार्यों को और अधिक प्रभावी एवं व्यापक रूप से संचालित करने का सामूहिक संकल्प लिया।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies