
दैनिक रुड़की (योगराज पाल):::
रुड़की। रोटरी क्लब रुड़की द्वारा मंगलवार सुबह प्राचीन श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर के गंगा घाट पर अन्नपूर्णा दिवस, डॉक्टर्स डे और सीए डे के सुअवसर पर एक भव्य एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान क्लब के सदस्यों ने एकजुट होकर मानव कल्याण की भावना के साथ कई सेवा कार्य किए।


कार्यक्रम की शुरुआत में क्लब के सदस्यों ने संयुक्त रूप से एक विशाल भंडारे का आयोजन किया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और जरूरतमंदों को श्रद्धापूर्वक प्रसाद वितरित किया गया। इसके बाद पवित्र गंगा तट पर सामूहिक गंगा आरती संपन्न हुई। आरती के दौरान रोटरी क्लब के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों ने समाज की निस्वार्थ सेवा में जुटे चिकित्सकों (डॉक्टर्स) के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर जनसेवा के लिए माँ गंगा से विशेष प्रार्थना की।

इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने अपने विचार साझा करते हुए कहा कि अन्नपूर्णा दिवस हमें समाज के हर वर्ग की सेवा और अन्नदान की प्रेरणा देता है। वहीं, डॉक्टर्स डे और सीए डे समाज के प्रति समर्पित कर्तव्यनिष्ठ प्रोफेशनल्स के योगदान को सम्मानित करने का दिन है। अपने-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहे ये सभी लोग देश के विकास और राष्ट्र निर्माण में बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।


कार्यक्रम में रोटरी क्लब रुड़की की नवनियुक्त अध्यक्ष अलका मित्तल, पूर्व सहायक गवर्नर सुभाष सरीन, हर्ष प्रकाश काला, असिस्टेंट गवर्नर गगन सरीन, रीना नथानी, वंदना मोहन, वीरेंद्र शर्मा, वीरेंद्र जैन, विनय शर्मा, नीलम शर्मा, एस. गोस्वामी, राजेश चंद्र, मनोज मित्तल, पी. सी. सैनी और पूजा गुप्ता सहित रोटरी क्लब के अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।


© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies