
दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर। क्षेत्र के मेहवड़ कला गांव में युवती से कथित छेड़छाड़ का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि चार युवकों ने मिलकर उस पर धारदार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


मेहवड़ कला निवासी रामकुमार ने पिरान कलियर कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गांव निवासी हिमांशु जाटव उर्फ शेरा उनकी रिश्तेदार की एक युवती से काफी समय से छेड़छाड़ कर रहा था। इस बात को लेकर उसने और उनके भतीजे विशाल ने उसे समझाया था। जिसके बाद वह उनसे रंजिश रखने लगा और अंजाम भुगतने की धमकी भी दी थी।पीड़ित ने बताया कि 19 जून की शाम को उसका भतीजा विशाल रुड़की से अपने घर लौट रहा था। 
जैसे ही वह मेहवड़ कला गंगनहर पुल के पास पहुचा तो हिमांशु जाटव उर्फ शेरा, राहुल जाटव, आकाश और एक अन्य साथी ने उसे रोक लिया और गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट कर धारदार हथियार से उसके सिर पर वार कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हमले में उसका बायां कान भी क्षतिग्रस्त हो गया।
आरोप है कि आरोपियों ने चाकू से हमला कर जान से मारने का प्रयास भी किया। राहगीरों के हस्तक्षेप के बाद आरोपी मौके से जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। परिजन घायल विशाल को उपचार के लिए रुड़की के सरकारी अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज चल रहा है।पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कानूनी करवाई की मांग की है।कोतवाली प्रभारी एवं सीओ दिव्येश उपाध्याय ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर चार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies