
दैनिक रुड़की (योगराज पाल):::
रुड़की। हरिद्वार रोड स्थित एक बैंक्वेट हॉल में रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3080 का भव्य सम्मान समारोह ‘हमोत्सव’ अत्यंत उत्साह और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रवि प्रकाश के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों के करीब 100 रोटरी क्लबों के 500 से अधिक प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

समारोह में वर्षभर उत्कृष्ट सेवा कार्य करने वाले क्लबों और पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया। रुड़की सेंट्रल के अध्यक्ष रो. आदर्श कपानिया को भी उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर द्वारा विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रवि प्रकाश ने सालभर की उपलब्धियों को साझा करते हुए बताया कि डिस्ट्रिक्ट द्वारा जरूरतमंद स्कूली छात्रों को 12,000 स्कूल बैग बांटे गए और ग्रामीण क्षेत्रों में 150 से अधिक सोलर लाइट्स लगाई गईं। इसके अलावा, महिला स्वास्थ्य के प्रति बड़ा कदम उठाते हुए सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए 6,000 से अधिक छात्राओं का 'एचपीवी वैक्सीनेशन' कराया गया, जो इस वर्ष की एक बड़ी उपलब्धि रही। साथ ही, सीएसआर के तहत स्कूलों में शौचालय निर्माण और मूलभूत सुविधाएं भी मुहैया कराई गईं।

कार्यक्रम का सफल संचालन रोटेरियन मुजीब मलिक ने किया। इस दौरान पंकज पांडेय, पवित्रा अरोड़ा, रमेश रावल, सोहेब मलिक, अनुभव गुप्ता सहित रोटरी परिवार के कई वरिष्ठ सदस्य और पदाधिकारी उपस्थित रहे।

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies