News

27-06-2026 17:20:41

इकबालपुर शुगर मिल कॉलोनी की बिजली कटने पर फूटा लोगों का गुस्सा, भाकियू रोड के नेतृत्व में अधीक्षण अभियंता कार्यालय का घेराव

दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::


रुड़की। इकबालपुर शुगर मिल की आवासीय कॉलोनी की बिजली आपूर्ति बंद किए जाने से नाराज कॉलोनीवासियों का गुस्सा शुक्रवार को फूट पड़ा। भारतीय किसान यूनियन (रोड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पदम सिंह रोड के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग अधीक्षण अभियंता (विद्युत) कार्यालय पहुंचे और बिजली आपूर्ति तत्काल बहाल करने अथवा कॉलोनी के निवासियों को नए विद्युत कनेक्शन जारी करने की मांग उठाई।


प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मिल प्रबंधन के बकाया भुगतान का खामियाजा कॉलोनी में रहने वाले परिवारों को भुगतना पड़ रहा है। उनका कहना था कि बिजली कटने से पेयजल, बच्चों की पढ़ाई और दैनिक जीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। उन्होंने मांग की कि बिजली विभाग आम उपभोक्ताओं को राहत देते हुए कोई स्थायी समाधान निकाले।


अधीक्षण अभियंता विवेक राजपूत ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि इकबालपुर शुगर मिल पर बिजली विभाग का करीब 1 करोड़ 60 लाख रुपये का बकाया है। इसी कारण विभाग को बिजली आपूर्ति बाधित करनी पड़ी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक बकाया राशि का भुगतान नहीं किया जाता, तब तक कनेक्शन दोबारा जोड़ना संभव नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि उसी परिसर में नए बिजली कनेक्शन जारी करना भी नियमों के तहत आसान नहीं है।


बैठक के दौरान मिल प्रबंधन ने अधीक्षण अभियंता से फोन पर वार्ता करते हुए 10 दिन के भीतर 25 लाख रुपये जमा कराने का आश्वासन दिया। इस पर बिजली विभाग के अधिकारियों ने कहा कि भुगतान बैंक डिमांड ड्राफ्ट (डीडी) के माध्यम से किया जाए, ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके।


इस दौरान भाकियू (रोड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पदम सिंह रोड ने कहा कि "कॉलोनी में रहने वाले लोग बिजली विभाग या मिल प्रबंधन के बीच के विवाद के जिम्मेदार नहीं हैं। निर्दोष परिवारों को अंधेरे में रखना न्यायसंगत नहीं है। यदि शीघ्र बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो भारतीय किसान यूनियन (रोड) कॉलोनीवासियों के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और मिल प्रबंधन की होगी।"प्रदेश अध्यक्ष संजीव कुशवाह एवं महासचिव प्रदीप त्यागी ने कहा कि बिजली विभाग और मिल प्रबंधन के बीच चल रहे विवाद का खामियाजा कॉलोनी में रहने वाले आम परिवारों को भुगतना पड़ रहा है, जो पूरी तरह अन्यायपूर्ण है। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं भीषण गर्मी में अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। यदि जल्द बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई या प्रभावित परिवारों को वैकल्पिक बिजली कनेक्शन नहीं दिए गए, तो भारतीय किसान यूनियन (रोड) आंदोलन को और तेज करेगी तथा प्रशासन और मिल प्रबंधन के खिलाफ व्यापक जनआंदोलन छेड़ा जाएगा।

प्रदर्शन के दौरान अधिशासी अभियंता अनूप सैनी, प्रदेश अध्यक्ष संजीव कुशवाह, महासचिव प्रदीप त्यागी, इकबालपुर ग्राम प्रधान दिग्विजय चौधरी, अश्वनी शर्मा, राजकुमार कश्यप, सूरज, शंकर, उर्मिला चौहान, ममता चड्ढा, सीमा शर्मा, कुसुम लता, कुलविंदर कौर, बलबीर कौर, मीना चौहान, गुरमीत सिंह, रविकांत, बृजेश त्यागी, प्रतीक सहित बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी मौजूद रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies