
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। कांग्रेस अनुसूचित विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम का रुड़की पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन की रणनीति और दलित समाज को कांग्रेस से जोड़ने पर विस्तृत चर्चा हुई।
ईदगाह चौक पर पूर्व प्रदेश सचिव अरविंद प्रधान के संयोजन में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने राजेंद्र पाल गौतम को फूल-मालाएं पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।इस अवसर पर राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि सत्ता पक्ष और कुछ अन्य राजनीतिक दल वर्षों से दलित समाज को केवल वोट बैंक समझकर उनका इस्तेमाल करते रहे हैं। 
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने दलित समाज के उत्थान के लिए कोई ठोस योजना लागू नहीं की, जबकि दलितों पर अत्याचार और उत्पीड़न की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सामाजिक न्याय, समान अवसर और संविधान की भावना के अनुरूप समाज के अंतिम व्यक्ति तक अधिकार पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। वर्ष 2027 में दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक और सभी वंचित वर्ग कांग्रेस के साथ मिलकर बदलाव की नई इबारत लिखेंगे।

कलियर विधायक फुरकान अहमद ने कहा कि कांग्रेस हमेशा संविधान और सामाजिक सौहार्द की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है। आज समाज को बांटने की राजनीति हो रही है, लेकिन कांग्रेस सभी वर्गों को साथ लेकर विकास और भाईचारे की राजनीति में विश्वास रखती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर कांग्रेस की नीतियों और जनहित के मुद्दों को लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम संयोजक अरविंद प्रधान ने कहा कि रुड़की में कार्यकर्ताओं ने जिस उत्साह के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया है, वह कांग्रेस संगठन की मजबूती का संकेत है। उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों को देखते हुए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत किया जाएगा और दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक तथा सभी वर्गों को कांग्रेस से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष चौधरी राजेंद्र सिंह,मोंटू,हर्ष,सोमपाल,जातीराम,यलोकेश,पंकज,प्रवेश,धर्मपाल,अमित,भोपाल,मनोज कश्यप संजय,सुनील,सचिन और गौतम उपस्थित रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies