
दैनिक रुड़की (योगराज पाल):::
रुड़की। विशेष गहन पुनरीक्षण एसआईआर 2026 अभियान अब अपने अंतिम और निर्णायक चरण में प्रवेश कर चुका है। हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों पर विधानसभा क्षेत्र 31-रुड़की में इस अभियान को मिशन मोड पर संचालित किया जा रहा है। लोकतंत्र को सशक्त बनाने और एक शुद्ध मतदाता सूची तैयार करने के उद्देश्य से तहसील रुड़की के अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ मैदान में डटे हुए हैं।

घर-घर जाकर बांटे जा रहे निर्वाचन गणना प्रपत्र (EF Forms) अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने के लिए अधिकारी बीएलओ (BLO) के साथ मिलकर घर-घर दस्तक दे रहे हैं। इस दौरान निर्वाचन गणना प्रपत्र (EF Forms) का वितरण, संकलन और मतदाताओं को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता छूटने न पाए और समयबद्ध रूप से मतदाता सूची को अद्यतन (Update) किया जा सके।


जिलाधिकारी ने अपील की कि सभी लोग बीएलओ का सहयोग करें। जब भी बीएलओ आपके घर आएँ, उन्हें सही जानकारी देकर प्रक्रिया को सुगम बनाएँ। निर्वाचन गणना प्रपत्र (EF Form) को पूरी तरह और सही-सही भरकर समय पर जमा करें। प्रक्रिया को तेजी से पूरा करने के लिए अपने जरूरी पहचान व निवास संबंधी दस्तावेज पास रखें। खुद के साथ-साथ अपने परिवार, पड़ोसियों और परिचितों को भी इस महाअभियान का हिस्सा बनने के लिए जागरूक करें।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि एक शुद्ध, त्रुटिरहित और अद्यतन मतदाता सूची के निर्माण में हर एक नागरिक का सहयोग अमूल्य है। यह सिर्फ एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि देश के लोकतंत्र को मजबूत करने का महापर्व है। वहीं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे इस अंतिम चरण में पूरे उत्साह के साथ जुड़कर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies