News

27-06-2026 16:42:14

लिब्बरहेड़ी फायरिंग कांड का आरोपी गिरफ्तार, हत्या के प्रयास में भेजा गया जेल

दैनिक रुड़की (फिरोज खान)::


मंगलौर। मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के गांव लिब्बरहेड़ी में पानी के विवाद के दौरान हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी कुंवरपाल पुत्र चौहल सिंह को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।


गौरतलब है कि शुक्रवार को गांव में पानी को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद विवाद हिंसक हो गया था। देखते ही देखते दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चलने लगे और इसी दौरान हुई फायरिंग में मोहित उर्फ मोंटी गंभीर रूप से घायल हो गया था। गोली उसके हाथ में लगी थी, जिसके बाद परिजन उसे उपचार के लिए पहले स्थानीय अस्पताल और फिर गंभीर हालत होने पर हायर सेंटर ले गए थे।


घटना की सूचना मिलते ही मंगलौर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद हत्या के प्रयास समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और शनिवार को उसे गिरफ्तार कर लिया।


कोतवाली प्रभारी भगवान महर ने बताया कि लिब्बरहेड़ी फायरिंग कांड के नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies