
दैनिक रुड़की (फिरोज खान)::
मंगलौर। कोतवाली क्षेत्र के गांव लिब्बरहेड़ी में शुक्रवार को पानी के विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि लाठी-डंडे चलने लगे और इसी दौरान फायरिंग हो गई। गोली लगने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

ग्रामीणों के अनुसार पानी को लेकर शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और जमकर लाठी-डंडे चले, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई।मारपीट के दौरान अचानक गोली चलने से दहशत फैल गई। गोली मोहित उर्फ मोंटी के हाथ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। परिजन उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही मंगलौर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस फायरिंग करने वाले व्यक्ति और इस्तेमाल किए गए हथियार की पहचान में जुटी हुई है।कोतवाली प्रभारी भगवान महर ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने और मामले की जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies