
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। खानपुर से पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह द्वारा एक दलित युवक के साथ कथित अभद्रता और दलित समाज के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में शुक्रवार को रविदास घाट पर दलित समाज की महापंचायत आयोजित की गई। महापंचायत में वक्ताओं ने एक स्वर में कुंवर प्रणव सिंह की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की और चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो समाज बड़ा आंदोलन करेगा।

कार्यक्रम संयोजक एवं अंतरराष्ट्रीय रविदास धाम जनकल्याण ट्रस्ट के संस्थापक योगेश प्रमुख ने कहा कि दलित समाज अपने सम्मान और स्वाभिमान के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार दलित समाज के खिलाफ कथित रूप से अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया गया है, उससे पूरे समाज की भावनाएं आहत हुई हैं।
उन्होंने मांग की कि कुंवर प्रणव सिंह के खिलाफ निष्पक्ष एवं सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल गिरफ्तार किया जाए। योगेश प्रमुख ने कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो दलित समाज लोकतांत्रिक तरीके से बड़े जनआंदोलन के लिए मजबूर होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। उन्होंने कहा कि समाज न्याय चाहता है और कानून सबके लिए समान होना चाहिए।
महापंचायत को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री देशराज कर्णवाल ने कहा कि यह किसी समाज विशेष का नहीं, बल्कि एक व्यक्ति के गलत आचरण का मामला है। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित व्यक्ति ने दलित समाज की बहन-बेटियों के लिए अभद्र भाषा का प्रयोग किया, जो किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि वह इस लड़ाई में दलित समाज के साथ खड़े हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि कुंवर प्रणव सिंह सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हैं तो समाज इस पर विचार कर सकता है।
वक्ताओं ने कहा कि कुंवर प्रणव सिंह अपने नाम के साथ "राजा" लिखते हैं, जबकि देश में राजशाही व्यवस्था वर्षों पहले समाप्त हो चुकी है। उनका कहना था कि जो व्यक्ति चार बार विधायक रहने के बाद भी अपनी भाषा पर संयम नहीं रख सकता, उसे राजनीति छोड़ देनी चाहिए।

अमरजीत सिंह ने कहा कि सार्वजनिक जीवन से जुड़े व्यक्ति की भाषा मर्यादित होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि कोई जनप्रतिनिधि इस प्रकार की भाषा का प्रयोग करता है तो उसे राजनीति में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है।कार्यक्रम का संचालन एडवोकेट भारत भूषण ने किया।
इस अवसर पर पार्षद अमित कुमार, परवेज अहमद, चंद्रपाल सिंह, दीपक सेठपुर, सोमपाल सिंह, मुनेश सहगल, सोहनवीर सिंह, अजीत मधुकर, संजीव वर्मा, यासीर अराफात, सीताराम आंबेडकर, अरविंद कुमार, कुलदीप कर्णवाल, सत्येंद्र प्रकाश, आदित्य ब्रजवाल सहित बड़ी संख्या में दलित समाज के लोग उपस्थित रहे।
महापंचायत में कमेटी गठित, आज एसएसपी से मिलेगी गिरफ्तारी की मांग
रुड़की। दलित समाज की महापंचायत में कुंवर प्रणव सिंह की गिरफ्तारी की मांग को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल का गठन किया गया। महापंचायत में निर्णय लिया गया कि गठित कमेटी शनिवार को हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से मुलाकात कर कुंवर प्रणव सिंह की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करेगी।
कमेटी में जोगेंद्र कुमार (शांतरशाह), दीपक कुमार, प्रवीण कुमार, दीपक (संठपुर), अजीत कुमार (शांतरशाह), योगेश प्रमुख (रुड़की), चंद्रशेखर, चंद्रपाल (रुड़की), आदित्य ब्रजवाल (झबरेड़ा), सोनू साठी, एडवोकेट भारत कुमार (रुड़की), ब्रजेश कुमार (ज्वालापुर), कपिल छाबड़ा, बृजेंद्र कुमार (रुड़की) और सतेंद्र राणा (लक्सर) को शामिल किया गया है। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि आरोपी की जल्द गिरफ्तारी तक समाज अपना आंदोलन जारी रखेगा।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies