

दैनिक रुड़की (योगराज पाल):::
रुड़की। रामनगर स्थित एक होटल में रोटरी क्लब की आरसीसी जोनल मीट 'चार्टर सम्मान समारोह' एवं 'प्रोजेक्ट NYRA' का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न रोटरी कम्युनिटी कॉर्प्स (RCC) इकाइयों के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन रवि प्रकाश रहे। उन्होंने अपने संबोधन में रोटरी की वैश्विक सेवा भावना को रेखांकित करते हुए कहा, "रोटरी क्लब अपने भिन्न-भिन्न माध्यमों से दुनिया के गरीब से गरीब और समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा कार्यों को पहुँचाने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने इस दौरान 40 नवगठित आरसीसी को चार्टर प्रदान कर सम्मानित किया और उन्हें समाज सेवा के क्षेत्र में रोटरी परिवार के साथ मिलकर कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पहुँचे रोटेरियन मुजीब मलिक ने रोटरी क्लब रुड़की की अध्यक्षा रोटेरियन रीना नैथानी द्वारा इस वर्ष किए गए जनहित के कार्यों की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने समाज कल्याण में क्लब के असाधारण योगदान को देखते हुए रोटरी क्लब रुड़की को डिस्ट्रिक्ट का सर्वश्रेष्ठ क्लब घोषित किया। कार्यक्रम के दौरान सामाजिक सरोकारों से जुड़े 'प्रोजेक्ट NYRA' के अंतर्गत मासिक धर्म स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण विषय पर एक विशेष जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया।
सत्र में मुख्य वक्ता अविका सिंघल ने 'मेंस्ट्रुअल कप' के उपयोग पर एक बेहद प्रभावशाली और विस्तृत प्रस्तुति दी। मेंस्ट्रुअल कप न केवल महिलाओं के स्वास्थ्य और स्वच्छता के लिए एक सुरक्षित व सुविधाजनक विकल्प है, बल्कि यह प्लास्टिक अपशिष्ट (वेस्ट) को कम करके पर्यावरण संरक्षण में भी एक मील का पत्थर साबित हो सकता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व प्रेसिडेंट (PP) रोटेरियन हर्ष प्रकाश काला ने की तथा मंच का कुशल संचालन पीपी रोटेरियन दिलीप प्रधान द्वारा किया गया।

इस अवसर पर पूर्व एडीजी अचल मित्तल, आदर्श कपानिया, पूर्व एडीजी सुभाष सरीन, राजेश चंद्रा, वी.के. शर्मा, पीपी वंदना, पी.सी. सैनी, एडीजी इलेक्ट गगन सरीन, वर्ष 2026-27 की नवनिर्वाचित अध्यक्षा अलका मित्तल, ममता सैनी, क्लब प्रेसिडेंट रीना नैथानी सहित रोटेरियन परिवार और विभिन्न आरसीसी इकाइयों के अध्यक्ष उपस्थित रहे।

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies