
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में चलाए जा रहे नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बिझौली के शिक्षक एवं कार्यक्रम नोडल अधिकारी डॉ. अशोक पाल सिंह के नेतृत्व में ग्राम पंचायत बिझौली, नगर पंचायत डंडेरा एवं मोहनपुरा में व्यापक जनजागरूकता अभियान आयोजित किया गया।

17 जून से 26 जून 2026 तक चले इस अभियान का शुभारंभ ग्राम पंचायत बिझौली के ग्राम प्रधान राकेश कुमार की अध्यक्षता में हुआ। अभियान के दौरान छात्रों, युवाओं एवं ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प दिलाया गया।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए डॉ. अशोक पाल सिंह ने कहा कि नशा मुक्त भारत अभियान का उद्देश्य छात्रों, युवाओं और स्थानीय समुदाय में नशामुक्त एवं मूल्यपरक जीवन शैली को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ युवा ही सशक्त समाज और विकसित भारत की आधारशिला हैं, इसलिए सभी को मिलकर नशे के खिलाफ जनजागरण करना होगा।
उन्होंने बताया कि नशा व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को गंभीर रूप से प्रभावित करता है, परिवारों को टूटने की कगार पर पहुंचा देता है, अपराध एवं हिंसा को बढ़ावा देता है तथा आर्थिक और सामाजिक जीवन को भी बुरी तरह प्रभावित करता है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के सामने नशा न करने और उन्हें सही संस्कार एवं मार्गदर्शन देने की अपील की। उन्होंने कहा कि बच्चे वही सीखते हैं जो वे अपने आसपास देखते हैं, इसलिए उन्हें नशे की लत से बचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में आसिफ, नसीम, वसीम, मुजकीर, अरसलान, ग्राम प्रधान राकेश कुमार, निपेंद्र, निखिल नौटियाल, शिवम, विनीत, रोहित, बन्टी, राहुल, भीम, शुभम, गोविंद सिंह, सन्नी, मोनू, चिलका, पदम सिंह, वंश, रितिक, निपेंद्र नौटियाल, महेंद्र सिंह, सुधीर सहित बड़ी संख्या में युवाओं एवं ग्रामीणों ने भाग लिया और नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया।

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies