News

25-06-2026 11:49:53

NEET समेत प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली का आरोप, कांग्रेस चलाएगी ‘छात्रों की गूंज’ अभियान::फुरकान...

दैनिक रुड़की (योगराज पाल);;



रुड़की। नीट एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया है। पार्टी ने कहा कि वह छात्रों की आवाज को मजबूती से उठाने के लिए जिलेभर में संवाद अभियान चलाएगी।

रामपुर स्थित कैंप कार्यालय पर पत्रकारों से वार्ता करते हुए कलियर विधायक एवं रुड़की ग्रामीण कांग्रेस जिलाध्यक्ष फुरकान अहमद ने कहा कि नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आई गड़बड़ियों ने लाखों छात्रों और उनके अभिभावकों को चिंता में डाल दिया है। उन्होंने कहा कि इन परीक्षाओं की विफलता की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना चाहिए।

फुरकान अहमद ने कहा कि कांग्रेस छात्रों के साथ खड़ी है और जिले की प्रत्येक विधानसभा में विद्यार्थियों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने में विफल रही है।

युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष सचिन चौधरी ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं से छात्रों में निराशा का माहौल है। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा केंद्रों पर चेकिंग के नाम पर छात्रों को परेशान किया जाता है, जबकि प्रश्नपत्र लीक जैसी घटनाएं कहीं और से हो जाती हैं। उन्होंने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के तहत जिले के कोचिंग सेंटरों और शैक्षणिक संस्थानों में पहुंचकर युवाओं से संवाद किया जाएगा और उनकी आवाज को बुलंद किया जाएगा।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता नासिर परवेज ने कहा कि देश का युवा आज अपने भविष्य को लेकर असमंजस की स्थिति में है। मेहनत और लगन से परीक्षा की तैयारी करने वाले छात्रों के साथ यदि किसी प्रकार की अनियमितता होती है तो यह उनके सपनों पर सीधा आघात है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस युवाओं के अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ेगी।

कांग्रेस नेता वीरेंद्र ठाकुर ने कहा कि सरकार को परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और जवाबदेह बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्रों का विश्वास बनाए रखना किसी भी सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होती है, लेकिन लगातार सामने आ रही घटनाओं से युवाओं का भरोसा कमजोर हुआ है। उन्होंने मांग की कि परीक्षा से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि छात्रों और युवाओं के मुद्दों को लेकर जल्द ही जिले में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि आज किसान, युवा, छात्र और बेरोजगार अपनी समस्याओं को लेकर परेशान हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही है।इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और छात्रों, युवाओं के हितों की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies