News

24-06-2026 19:33:26

दलित समाज पर कथित अभद्र टिप्पणी के विरोध में प्रदर्शन, पूर्व विधायक की गिरफ्तारी की मांग

दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::


रुड़की। सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक कथित ऑडियो क्लिप में दलित समाज के व्यक्ति के साथ अभद्र भाषा और गाली-गलौज किए जाने के आरोप को लेकर दलित समाज के लोगों ने बुधवार को नहर किनारा स्थित रविदास घाट पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने खानपुर के पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनकी गिरफ्तारी की मांग की।

अंतरराष्ट्रीय संत रविदास धाम जन कल्याण ट्रस्ट के बैनर तले आयोजित प्रदर्शन में वक्ताओं ने कहा कि दलित समाज के सम्मान पर किसी भी प्रकार का आघात बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले में जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

ट्रस्ट के संस्थापक योगेश प्रमुख ने कहा कि वायरल ऑडियो में जिस प्रकार की भाषा का प्रयोग किया गया है, उसने पूरे दलित समाज की भावनाओं को आहत किया है। उन्होंने कहा कि समाज पूरी तरह एकजुट है और सम्मान की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करेगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी व्यक्ति के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।

प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप ने कहा कि संविधान सभी नागरिकों को समान सम्मान और अधिकार प्रदान करता है। किसी भी वर्ग के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचाती है। उन्होंने कहा कि यदि दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो दलित समाज सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होगा।

वक्ताओं ने कहा कि वायरल ऑडियो में अभद्रता करने वाले व्यक्ति को खानपुर के पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह बताया गया है। हालांकि कुंवर प्रणव सिंह पहले ही इस ऑडियो को एआई से तैयार किया गया और फर्जी बता चुके हैं। वहीं, इस मामले में अभद्र टिप्पणी करने वाले अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ लक्सर थाने में मुकदमा दर्ज किया जा चुका है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

प्रदर्शन में अजीत मधुकर, रवि गौतम, चंद्रपाल, मंजीत, दीपक चंद, गजेंद्र, सागर रावण, सुशांत डबराल, सोमपाल नयाल समेत बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।

प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर जल्द से जल्द सच्चाई सामने लाई जाए तथा दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies