
दैनिक रुड़की (फिरोज खान)::
मंगलौर। भीषण गर्मी के बीच बढ़ते बिजली लोड और फॉल्ट की समस्याओं को देखते हुए बिजली विभाग ने बिजली चोरी के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। बुधवार को विजिलेंस और उपखंड मंगलौर की संयुक्त टीम ने कस्बे के विभिन्न क्षेत्रों में ताबड़तोड़ छापेमारी कर 20 घरों में बिजली चोरी पकड़ी।
संयुक्त टीम ने सीमलोनी, खोखरा कुआं, गाढ़ा कॉलोनी और पठानपुरा क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया। छापेमारी की सूचना मिलते ही बिजली चोरी करने वालों में हड़कंप मच गया। कई घरों में लोगों ने आनन-फानन में अवैध केबल हटाने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने मौके पर ही कई मामलों का खुलासा कर दिया।

जांच के दौरान पाया गया कि 20 घरों में सीधे बिजली पोल से कटिया डालकर अवैध रूप से बिजली का उपयोग किया जा रहा था। हैरानी की बात यह रही कि चोरी की बिजली से एसी और हीटर जैसे अधिक बिजली खपत वाले उपकरण भी चलाए जा रहे थे। विभाग ने सभी आरोपितों के खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

उपखंड अधिकारी अनुभव सैनी ने बताया कि गर्मी के मौसम में बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है, जिसके चलते विद्युत व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है। विभाग उपभोक्ताओं को 24 घंटे बेहतर बिजली आपूर्ति देने के लिए प्रयासरत है, लेकिन बिजली चोरी के कारण फॉल्ट और तकनीकी समस्याएं बढ़ रही हैं।
उन्होंने कहा कि बिजली चोरी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और विजिलेंस टीम के साथ मिलकर आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। साथ ही उपभोक्ताओं से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि आवश्यकता के अनुसार ही बिजली का उपयोग करें, सभी उपकरण एक साथ न चलाएं तथा शाम के पीक आवर्स में एसी और कूलर का सीमित इस्तेमाल करें, ताकि सभी उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सके।
इस अभियान में सहायक अभियंता विजिलेंस धनंजय सिंह, विकास कुमार, अवर अभियंता आशीष, विकास कुमार, अनिता काला, सपना, इंस्पेक्टर विजिलेंस मारुत शाह, सरिता शाह तथा सब-इंस्पेक्टर संजीव त्यागी सहित विभागीय अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies