

दैनिक रुड़की (योगराज पाल):::
रुड़की। रोटरी क्लब रुड़की सेंट्रल ने सेवा और मानवता की मिसाल पेश करते हुए बुधवार को सिविल अस्पताल परिसर में 'रोटरी जल सेवा प्रोजेक्ट' के तहत दो नए हैंडपंपों का लोकार्पण किया। इसके साथ ही, 28 जून से शुरू होने वाले पल्स पोलियो अभियान के तहत बच्चों का उत्साहवर्धन करने के लिए अस्पताल प्रबंधन को 1000 सीटी (विसल) और 1000 मिठाई के पैकेट सौंपे गए।


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3080 के गवर्नर रोटेरियन रवि प्रकाश एवं सिविल अस्पताल के सीएमएस डॉ. ए.के. मिश्रा ने फीता काटकर हैंडपंपों का उद्घाटन किया। डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रवि प्रकाश ने कहा कि अस्पताल जैसे सार्वजनिक स्थान पर हैंडपंप लगने से मरीजों और तीमारदारों को स्वच्छ पेयजल की बड़ी राहत मिलेगी। यह पुनीत कार्य रोटेरियन दिनेश खत्री एवं अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड के सीएसआर (CSR) सहयोग से संपन्न हुआ।


इस अवसर पर क्लब के अध्यक्ष रो. आदर्श कपानिया, सचिव रो. डॉ. देवेश भीमसारिया, कोषाध्यक्ष रो. दीपक शर्मा, डॉ. रजत सैनी, डॉ. आनंद श्रीवास्तव सहित अस्पताल प्रबंधन के कई पदाधिकारी और स्टाफ मौजूद रहे।

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies