चार बसों को दिखाई हरी झंडी, यात्रा और लंगर की व्यवस्था भी कराई
दैनिक रुड़की (फिरोज खान)::
मंगलौर। हरियाणा के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता करतार सिंह भड़ाना के सौजन्य से बुधवार को नगर के विभिन्न मोहल्लों से अजमेर शरीफ की ज़ियारत के लिए चार बसों में करीब 200 जायरीनों का जत्था रवाना किया गया। मंडावली स्थित भड़ाना कार्यालय से बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में जायरीन, स्थानीय गणमान्य नागरिक एवं भड़ाना समर्थक मौजूद रहे। बसों के रवाना होते ही जायरीनों ने "या गरीब नवाज़" के नारों के साथ पूर्व मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।मोहल्ला मलकपुरा निवासी शमशाद अहमद ने कहा कि करतार सिंह भड़ाना ऐसी शख्सियत हैं जो धर्म और मजहब से ऊपर उठकर सभी लोगों का सम्मान करते हैं। उनकी वजह से सैकड़ों लोगों को ख्वाजा गरीब नवाज की दरगाह पर हाजिरी देने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने इसके लिए भड़ाना का तहेदिल से धन्यवाद किया।

वहीं मोहल्ला किला निवासी शबाना बेगम ने कहा कि बढ़ती महंगाई के दौर में अजमेर शरीफ जाना गरीब परिवारों के लिए एक सपना बन गया था। भड़ाना ने न केवल बसों की व्यवस्था कराई है, बल्कि यात्रियों के खाने-पीने की सुविधा का भी विशेष प्रबंध किया है। उन्होंने पूर्व मंत्री की दीर्घायु की कामना की।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. प्रेम ने कहा कि करतार सिंह भड़ाना हमेशा सभी धर्मों के सम्मान की बात करते हैं और इसी सोच के तहत हर वर्ष सैकड़ों श्रद्धालुओं एवं जायरीनों को अजमेर शरीफ, खाटू श्याम सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों की यात्राएं कराई जाती हैं। उन्होंने बताया कि इस बार मंगलौर के लालबाड़ा, किला, पठानपुरा तथा अन्य मोहल्लों से करीब 200 जायरीन अजमेर शरीफ की यात्रा पर रवाना हुए हैं।
उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान सभी जायरीनों के ठहरने, भोजन एवं लंगर की व्यवस्था भी भड़ाना कार्यालय की ओर से की गई है। दो दिवसीय ज़ियारत के बाद सभी बसें 28 जून को मंगलौर वापस लौटेंगी।नगर में पूर्व मंत्री करतार सिंह भड़ाना द्वारा कराई जा रही इस धार्मिक यात्रा की व्यापक चर्चा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि राजनीति से इतर भड़ाना हमेशा सामाजिक, धार्मिक एवं जनसेवा के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं, जिसके कारण उन्हें सभी वर्गों का सम्मान और स्नेह प्राप्त है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies