दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर। पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद एक युवक अपनी मासूम बच्ची को साथ लेकर कांवड़ पटरी स्थित गंगनहर घाट पर पहुंच गया और नहर में छलांग लगाने का प्रयास करने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने सतर्कता दिखाते हुए उसे रोक लिया और काफी देर तक समझाकर शांत कराया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
जानकारी के अनुसार किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया था। इसके बाद युवक अपनी बेटी को साथ लेकर गंगनहर घाट पर पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक नहर में कूदने की बात कर रहा था।जिसे देखकर आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल हस्तक्षेप किया और उसे ऐसा कदम उठाने से रोक दिया।सूचना पर पहुंची पुलिस युवक और उसकी पत्नी और बच्ची को अपने साथ कोतवाली ले आई। 
यहां दोनों पक्षों से बातचीत कर मामले को समझने का प्रयास किया जा रहा है। इस दौरान पत्नी अपने पति के साथ जाने से इनकार करती रही। पत्नी का आरोप है कि उसका पति उनकी बच्ची को लेकर गंगनहर में छलांग लगाने का प्रयास कर रहा था। घटना को लेकर क्षेत्र में काफी देर तक चर्चा का माहौल बना रहा ओर इस बीच लोगो की भीड़ जमा हो गई।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies