दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर। धनौरी रोड पर नूर बीबी दरगाह के सामने एक दर्दनाक सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से गंभीर रूप से घायल युवक ने दम तोड़ दिया।हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और फरार वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार अयान (19) पुत्र उमीद निवासी उदपुर जनपद शामली (उत्तर प्रदेश) इन दिनों अपने ननिहाल महमूदपुर में रह रहा था। मंगलवार सुबह वह महमूदपुर से औरंगाबाद में आम के बगीचे में काम करने जा रहा था। बताया गया कि जैसे ही वह धनौरी रोड पर नूर बीबी दरगाह के सामने पहुंचा, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाईक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।घटना के बाद राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से घायल युवक को सिविल अस्पताल रुड़की भिजवाया।जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।कोतवाली प्रभारी एवं सीओ दिव्येश उपाध्याय ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही वाहन तथा चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies