
प्रगतिशील किसानों, कृषि उद्यमियों और बैंक अधिकारियों ने किया संवाद, कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने पर दिया जोर
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। देश के अग्रणी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक भारतीय स्टेट बैंक (SBI) द्वारा दिल्ली रोड स्थित होटल पैसिफिक में “SBI स्मार्ट एग्रीकल्चर कस्टमर मीट” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों एवं कृषि उद्यमियों को आधुनिक कृषि तकनीकों, वित्तीय प्रबंधन, निवेश के अवसरों और बैंक की विभिन्न योजनाओं से अवगत कराकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना रहा।
कार्यक्रम में क्षेत्र के प्रगतिशील किसानों, कृषि उद्यमियों तथा बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर कृषि क्षेत्र में नवाचार, आधुनिक तकनीकों के उपयोग और वित्तीय संसाधनों के बेहतर प्रबंधन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित दिनेश प्रताप सिंह तोमर (महाप्रबंधक, कॉरपोरेट सेंटर, मुंबई) ने कहा कि भारतीय स्टेट बैंक किसानों की समृद्धि और कृषि क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। बैंक की विभिन्न योजनाएं किसानों को आत्मनिर्भर बनाने और उनकी आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
कार्यक्रम में माता प्रसाद (उप महाप्रबंधक) तथा रजिया कुमार शाह (क्षेत्रीय प्रबंधक) ने भी किसानों को संबोधित करते हुए बैंक की कृषि ऋण, निवेश और उद्यमिता से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने किसानों को आधुनिक तकनीकों को अपनाने और बैंकिंग सेवाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
बैठक के दौरान किसानों और कृषि उद्यमियों ने अपने अनुभव साझा किए। जीवा अमृत ऑर्गेनिक एफपीओ की ओर से सत्यम ने अपने संगठन की प्रगति में SBI के सहयोग को महत्वपूर्ण बताते हुए बैंक का आभार व्यक्त किया। वहीं मोना इंटरप्राइजेज की ओर से विदुषी सेठी ने भी अपने व्यवसाय के विस्तार में बैंक द्वारा प्रदान किए गए वित्तीय सहयोग और मार्गदर्शन की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान किसानों ने बैंक अधिकारियों के समक्ष अपनी वित्तीय आवश्यकताओं, सुझावों एवं कृषि क्षेत्र से जुड़ी चुनौतियों को भी रखा। बैंक प्रबंधन ने किसानों को हर संभव सहयोग और बेहतर बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम का समापन किसानों और बैंक अधिकारियों के बीच सकारात्मक संवाद के साथ हुआ। उपस्थित किसानों ने SBI की इस पहल की सराहना करते हुए इसे कृषि क्षेत्र के विकास और किसानों की आर्थिक उन्नति की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies