
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। उत्तराखंड परिवहन विभाग के बोर्ड में सदस्य नामित किए जाने पर मुख्य बाजार व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों ने सरदार हरदीप सिंह अरोड़ा उर्फ सनी का भव्य स्वागत कर खुशी व्यक्त की। इस अवसर पर व्यापारियों ने सरकार और संगठन का आभार जताते हुए इसे पूरे व्यापारी वर्ग का सम्मान बताया।

स्वागत समारोह में व्यापारियों ने कहा कि सरकार ने उनके बीच के एक व्यापारी को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देकर व्यापारिक समुदाय का मान बढ़ाया है। उन्होंने रुड़की विधायक एवं प्रदेश के परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से सरदार हरदीप सिंह अरोड़ा को उत्तराखंड परिवहन विभाग के बोर्ड में सदस्य के रूप में मनोनीत किया गया है।
मुख्य बाजार व्यापार मंडल के अध्यक्ष प्रभजोत सिंह ने कहा कि जब बाजार के किसी व्यापारी या दुकानदार को सरकार द्वारा कोई महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा जाता है तो पूरे व्यापारी समाज की खुशी कई गुना बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने व्यापारियों को सम्मान देने का कार्य किया है, जिसके लिए व्यापारी समाज उनका आभारी है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार जिस प्रकार व्यापारियों के हितों और सम्मान का ध्यान रख रही है, उससे व्यापारियों का सरकार के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी शहर और बाजार का व्यापारी सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहेगा तथा विकास कार्यों में अपना सहयोग देता रहेगा।
इस दौरान उपस्थित व्यापारियों ने सरदार हरदीप सिंह अरोड़ा को पुष्पगुच्छ एवं मालाएं पहनाकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। स्वागत समारोह में व्यापारियों ने एक स्वर में कहा कि यह सम्मान केवल हरदीप सिंह अरोड़ा का नहीं बल्कि पूरे व्यापारी समाज का सम्मान है।
इस अवसर पर सरदार प्रभजोत सिंह, जसपाल सिंह, लखबीर सिंह, देवेंद्र सिंह, साहिब सिंह, तरुण अरोड़ा, बिन्नी, संजय अरोड़ा, दीपक अरोड़ा, अंकित कालरा, सरदार अमरीक सिंह एवं प्रमोद ओबेरॉय मौजूद रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies