
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नंद विहार स्थित जीवनदीप आश्रम में पूज्य महामंडलेश्वर स्वामी यतींद्रानंद गिरी जी महाराज, जीवनदीप पीठाधीश्वर के संरक्षण में विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्तों, मातृशक्ति एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगाभ्यास किया।


इस अवसर पर स्वामी यतींद्रानंद गिरी जी महाराज ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। योग न केवल हमें शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ एवं निरोग रखता है, बल्कि यह आत्मिक उन्नति का मार्ग भी प्रशस्त करता है। उन्होंने कहा कि योग मनुष्य को अध्यात्म से जोड़कर परमात्मा की ओर अग्रसर करता है तथा जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है।

महाराज श्री ने सभी लोगों से नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर और शांत मन के लिए योग सबसे प्रभावी साधन है। उन्होंने कहा कि वर्तमान भागदौड़ भरे जीवन में योग का महत्व और भी बढ़ गया है।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन जीने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर श्री प्रवीण सभरवाल, श्री हरिकृष्ण बंसल, श्री गुलशन बेदी, श्री विकास चौधरी, स्वामी पद्मानंद जी महाराज, नीलम सैनी, प्रवेश सैनी, मोहित धीमान, मोहित शास्त्री, प्रदीप, ललित, कृष्णा, सारांश सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन विश्व कल्याण एवं मानव स्वास्थ्य की मंगलकामना के साथ हुआ।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies