

दैनिक रुड़की (योगराज पाल):::
रुड़की। आनन्द स्वरूप आर्य सरस्वती विद्या मन्दिर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साह, उमंग एवं योगमय वातावरण के बीच भव्य रूप से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ विद्यालय के प्रबंधक डॉ. रजत अग्रवाल, प्रबंध समिति सदस्य रविंद्र बंसल, प्रधानाचार्य अमरदीप सिंह तथा परिसर प्रभारी जसवीर सिंह पुंडीर द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं योग संदेश के साथ किया गया।

इस अवसर पर डॉ. रजत अग्रवाल ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं गौरवशाली संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो मानव जीवन को शारीरिक, मानसिक तथा आध्यात्मिक रूप से संतुलित एवं स्वस्थ बनाती है। उन्होंने सभी से योग को दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
प्रधानाचार्य अमरदीप सिंह ने विद्यार्थियों एवं आचार्यों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान भागदौड़ भरे जीवन में योग स्वस्थ एवं सुखी जीवन का सबसे सरल और प्रभावी माध्यम है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति के व्यक्तित्व विकास एवं मानसिक सुदृढ़ता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

कार्यक्रम में योगाचार्य तिलक राम चौहान के निर्देशन में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया। उन्होंने योग के वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि नियमित योगाभ्यास तनाव को कम करता है, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है तथा एकाग्रता एवं कार्यक्षमता में वृद्धि करता है।
योग सत्र में विद्यालय के आचार्यगण, छात्र-छात्राएँ एवं अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। सभी ने योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने तथा स्वस्थ, सशक्त एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का समापन कल्याण मंत्र एवं विश्व कल्याण की मंगलकामनाओं के साथ हुआ। अंत में प्रबंध समिति सदस्य रविंद्र बंसल ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, आचार्यों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए योग के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies