News

21-06-2026 14:35:32

होटल-गेस्ट हाउस संचालकों को सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश.

दैनिक रुड़की (इकराम अली)::



पिरान कलियर। क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से रविवार को कलियर कोतवाली परिसर में होटल एवं गेस्ट हाउस संचालकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीओ एवं कोतवाली प्रभारी दिव्येश उपाध्याय ने संचालकों को सुरक्षा मानकों और प्रशासनिक निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।


इस दौरान उन्होंने कहा कि सभी होटल और गेस्ट हाउस संचालक अपने प्रतिष्ठानों में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाए तथा उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करें। साथ ही ठहरने वाले प्रत्येक व्यक्ति का पूरा विवरण निर्धारित रजिस्टर में दर्ज किया जाए और उसकी वैध पहचान पत्र की प्रति सुरक्षित रखी जाए। सीओ ने स्पष्ट किया कि नाबालिगों तथा स्कूल ड्रेस में आने वाले विद्यार्थियों को किसी भी परिस्थिति में कमरा उपलब्ध न कराया जाए। यदि कोई व्यक्ति संदिग्ध प्रतीत होता है अथवा उसकी गतिविधियां असामान्य लगती हैं तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी जाए।ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।उन्होंने होटल संचालकों को यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिष्ठानों के बाहर सड़क पर वाहनों की पार्किंग न होने देने के निर्देश भी दिए। कहा कि सुरक्षा नियमों और प्रशासनिक मानकों की अनदेखी पाए जाने पर संबंधित संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।उन्होंने संचालकों से सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत साझा करने की अपील की।बैठक में एसआई विनोद कुमार गोला, हेड कांस्टेबल जमशेद अली, जितेंद्र सिंह, प्रकाश मनराल सहित क्षेत्र के होटल एवं गेस्ट हाउस संचालक मौजूद रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies