News

20-06-2026 11:01:33

NEET-2026 के लिए हरिद्वार पुलिस अलर्ट, 12 परीक्षा केंद्रों पर कड़ा सुरक्षा घेरा

दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::


हरिद्वार। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG 2026) के शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष आयोजन को लेकर हरिद्वार पुलिस ने व्यापक सुरक्षा तैयारियां पूरी कर ली हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में रविवार को होने वाली परीक्षा के लिए जिले को सुरक्षा के लिहाज से 5 जोन और 12 सेक्टर में विभाजित किया गया है तथा भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस लाइन रोशनाबाद स्थित बहुद्देशीय हॉल में आयोजित ब्रीफिंग में नोडल अधिकारी एसपी क्राइम निशा यादव ने परीक्षा ड्यूटी में लगाए गए पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान एसपी सिटी और एसपी देहात ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए जवानों को सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने की सलाह दी।

ब्रीफिंग में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि परीक्षा केंद्रों पर चेकिंग के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाए तथा किसी भी अवांछित तत्व के दिखाई देने पर तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी जाए। पुलिसकर्मियों को मेटल डिटेक्टर सहित अन्य उपकरण समय से प्राप्त कर निर्धारित समय से पहले ड्यूटी स्थल पर पहुंचने के निर्देश भी दिए गए।

जनपद में परीक्षा के लिए कुल 12 केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 8 केंद्र देहात क्षेत्र और 4 केंद्र नगर क्षेत्र में स्थित हैं। परीक्षा केंद्रों पर पुरुष एवं महिला पुलिसकर्मियों की पर्याप्त तैनाती की गई है। इसके अलावा संबंधित थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त कर परीक्षा केंद्रों के आसपास आपराधिक और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगे।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता और सुरक्षा सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी सेक्टरों की निगरानी क्षेत्राधिकारियों तथा जोनल प्रभारियों द्वारा लगातार की जाएगी, ताकि अभ्यर्थियों को सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल में परीक्षा देने का अवसर मिल सके।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies