
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
भगवानपुर। भारतीय किसान यूनियन (टोड़ा) के पदाधिकारियों एवं किसानों ने इकबालपुर शुगर मिल को चालू कराने की मांग को लेकर भगवानपुर एसडीएम देवेंद्र सिंह नेगी को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान किसानों ने कहा कि लंबे समय से बंद पड़ी इकबालपुर शुगर मिल के कारण क्षेत्र के गन्ना किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और उन्हें अपनी फसल का उचित लाभ नहीं मिल पा रहा है।
ज्ञापन में किसानों ने उत्तराखंड सरकार और जिला प्रशासन से मांग की कि जल्द से जल्द इकबालपुर शुगर मिल का संचालन शुरू कराया जाए, ताकि किसानों की आर्थिक समस्याओं का समाधान हो सके। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि मिल को चालू कराने की दिशा में शीघ्र कदम नहीं उठाए गए तो किसान बड़ा आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन टोड़ा ने कहा कि "इकबालपुर शुगर मिल का बंद रहना क्षेत्र के हजारों गन्ना किसानों के भविष्य से जुड़ा गंभीर मुद्दा है। किसान अपनी मेहनत और फसल का उचित मूल्य पाने के लिए संघर्ष कर रहा है, लेकिन मिल बंद होने से उसे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। भारतीय किसान यूनियन (टोड़ा) किसानों के हितों के लिए लगातार संघर्ष कर रही है और जब तक इकबालपुर शुगर मिल का संचालन शुरू नहीं होता, तब तक संगठन किसानों की आवाज बुलंद करता रहेगा। यदि सरकार और प्रशासन ने जल्द समाधान नहीं निकाला तो किसानों के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।"
एसडीएम देवेंद्र सिंह नेगी ने किसानों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को शासन स्तर तक पहुंचाया जाएगा तथा शुगर मिल को संचालित कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
भारतीय किसान यूनियन (टोड़ा) के राष्ट्रीय संयोजक इकबाल प्रधान, राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन टोड़ा, प्रदेश अध्यक्ष नाजिम अली, जिला अध्यक्ष मुबारिक अली, कामिल प्रधान, प्रदीप गुर्जर, मुलेवाला, रवि कुमार, मनोज पाल, मुशा, शाह आलम, तनवीर सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
किसानों ने कहा कि इकबालपुर शुगर मिल क्षेत्र की जीवनरेखा है और इसके संचालन से हजारों किसान परिवारों को राहत मिलेगी।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies